विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कार्मिकों ने संभाली धरने की कमान Dehradun News

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Sun, 08 Mar 2020 02:20 PM (IST)

शनिवार को धरने की कमान महिला कार्मिकों ने संभाली। महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कार्मिकों को सभा संचालन समेत अन्य कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कार्मिकों ने संभाली धरने की कमान Dehradun News
महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कार्मिकों ने संभाली धरने की कमान Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करने और पदोन्नति पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर आंदोलनरत जनरल-ओबीसी कार्मिकों की हड़ताल छठे दिन भी जारी रही। बारिश के कारण पिछले दो दिन से कार्मिक परेड मैदान की बजाय सुभाष रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में धरना दे रहे हैं। शनिवार को धरने की कमान महिला कार्मिकों ने संभाली। महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कार्मिकों को सभा संचालन समेत अन्य कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 

शनिवार को हल्की बारिश के बीच सुभाष रोड स्थित लॉर्ड वेंकटेश्वर वेडिंग प्वाइंट में धीरे-धीरे जनरल-ओबीसी वर्ग के कार्मिक जुटने शुरू हुए और दोपहर तक यहां बड़ी संख्या में कार्मिकों का जमावड़ा लग गया। मांगों को लेकर पिछले छह दिन से हड़ताल पर चल रहे कार्मिकों ने शनिवार को महिला दिवस मनाया। 

महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कार्मिकों को मंच की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभा की अध्यक्षता निशा शर्मा बडोनी और संचालन अंजू बडोला व रीता कौल ने किया। एक-एक कर महिला कार्मिकों ने धरने को संबोधित किया और कविताओं और गीतों के माध्यम से अपनी बात रखी। 'हमने हर हाल में जीने की कसम खाई है।, जिंदगी जब भी नया इम्तिहान लाई है... आदि कविताओं से महिला कार्मिकों ने सरकार को दो टूक जवाब दिया। इधर, जेपी मैखुरी और रामेश्वर प्रसाद ने हारमोनियम और ढोलक से समा बांधा। सचिवालय संघ की सुधा नेगी ने मातृशक्ति और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। 

हड़ताल समाप्त करने की याचिका पर नाराजगी 

महिला कार्मिकों ने उच्च न्यायालय में हड़ताल समाप्त करवाने के संबंध में दायर की गई याचिका पर नाराजगी जताई। कार्मिकों ने कहा कि याचिका उसी व्यक्ति की ओर से दायर की गई है, जो जनरल-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग कर रहा है। ऐसे में साफ है कि यह महज द्वेष भावना से किया जा रहा कार्य है। 

यह भी पढ़ें: आरक्षण पर कार्मिकों में सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग, लगा रहे सुरक्षा की गुहार

होली नहीं मनाएंगे जनरल-ओबीसी कार्मिक 

हड़ताल पर चल रहे जनरल-ओबीसी कार्मिकों ने इस बार होली न मनाने का एलान किया है। उनका कहना है कि मांगों को लेकर वे आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। सरकार जानबूझकर उनकी अनदेखी कर रही है। साथ ही नो वर्क नो पे का भी आदेश जारी किया गया है। ऐसे में होली का त्योहार मनाने का कोई औचित्य नहीं है। यही नहीं कार्मिकों का कहना है कि एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग से कार्मिकों का आंदोलन जन आंदोलन का रूप ले सकता है। आम जनता भी सरकार के खिलाफ कार्मिकों के साथ खड़ी है।

यह भी पढ़ें: जनरल-ओबीसी इंप्लॉयज एसोसिएशन की हड़ताल जारी, कहा-मांग पूरी होने तक नहीं मानेंगे  

सांसद अजय भट्ट को घेरा 

जनरल-ओबीसी वर्ग के कार्मिकों ने मांगों को लेकर रुद्रपुर में सांसद व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का घेराव किया। इस दौरान कार्मिकों ने उन्हें ज्ञापन सौंप कार्रवाई के लिए सरकार से बात करने की मांग की। जिस पर सांसद अजय भट्ट ने यथासंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

यह भी पढ़ें: फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा: धरनास्थल पर अनशनकारी की तबीयत बिगड़ी, अनशन जारी