Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Weather Update: मद्महेश्वर मंदिर परिसर में भरा तीन फीट मलबा, पुजारी-कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Mon, 20 Jul 2020 09:39 PM (IST)

    रुद्रप्रयाग में द्वितीय केदार मद्महेश्वर मंदिर में भारी बारिश से 3 फीट तक पानी भर गया है। गत रात्रि को हुए तेज बारिश में मद्दमहेश्वर घाटी के कई रास्ते बह गए हैं।

    Uttarakhand Weather Update: मद्महेश्वर मंदिर परिसर में भरा तीन फीट मलबा, पुजारी-कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

    देहरादून, जेएनएन।  Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है। रविवार रात को भारी बारिश के दौरान द्वितीय केदार मद्महेश्वर के परिसर पहाड़ी सेे आए करीब तीन फीट मलबे और पानी से भर गया। रात को पुजारी और मंदिर के कर्मचारियों ने भागकर सुरक्षित स्थान पर शरण ली। इसके अलावा धाम में बने उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के पावर हाउस को भी नुकसान पहुंचा है। ऊखीमठ के उप जिलाधिकारी वरुण अग्रवाल ने बताया कि देवस्थानम बोर्ड के अधिकारियों से इस बारे में जानकारी ली गई है। मंदिर के कर्मचारी मलबा हटाने में जुटे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    समुद्रतल से 11470 फीट के ऊंचाई पर स्थित मद्महेश्वर धाम एक पहाड़ी के तल पर स्थित है। धाम के पुजारी गंगाधर लिंग ने बताया कि रविवार शाम से धाम में तेज बारिश हो रही थी। रात करीब नौ बजे अचानक पहाड़ी से पानी की तेज धारा मंदिर परिसर में घुसी। इसके साथ मलबा भी आने लगा। आननफानन सभी लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागे। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में स्थित गौरी शंकर मंदिर पानी और मलबे में डूब गया है। पुजारी ने बताया कि मंदिर के ऊपर पहाड़ी से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, लेकिन इसका उपचार नहीं कराया जा रहा। स्थानीय गोंडार गांव के रहने वाले वीर सिंह ने बताया कि पिछले साल भी मंदिर के परिसर में पानी भर गया था। देवस्थानम बोर्ड के अधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर है और नुकसान की जानकारी ली जा रही है।

    दूसरे दिन भी नहीं खुला बदरीनाथ हाईवे 

    उत्तराखंड को फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। इस बीच दुश्वारियों का दौर बना हुआ है। चमोली में बदरीनाथ हाईवे दो स्थानों पर बंद है। पीपलकोटी के पास बदरीनाथ हाईवे दूसरे दिन भी नहीं खुल सका। मार्ग बंद होने से करीब कई वाहन फंसे हुए हैं। हालांकि यहां पर एसडीआरएफ की निगरानी में पैदल आवाजाही कराई जा रही है।

    पहाड़ से गिर रहे बोल्डर की चपेट में आने से तीन वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। यद्यपि उस वक्त वाहनों में कोई यात्री नहीं था। सोमवार को मार्ग खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन पहाड़ दरकने से मलबा आने के कारण यहां दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा देर शाम नंदप्रयाग के पास भी मलबा आने से हाईवे बंद हो गया है। सोमवार देर शाम देहरादून जिले में विकासनगर के पास मलबा आने से बंद यमुनोत्री हाईवे पर भी मंगलवार को यातायात सुचारु कर दिया गया है।

    यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather Update: कुमाऊं में बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अगले दो दिन फिर रंग बदलेगा मौसम

    विभिन्न शहरों में तापमान

    शहर,       अधि.      न्यून.

    देहरादून     30.7     24.8

    उत्तरकाशी   25.8     19.2

    मसूरी       24.5        16.7

    टिहरी       24.0        18.0

    हरिद्वार      33.6      26.2       

    जोशीमठ    22.8     15.8

    पिथौरागढ़   27.4     20.4   

    अल्मोड़ा    26.2     18.8

    मुक्तेश्वर    22.5     14.4     

    नैनीताल    23.4      17.0

    यूएसनगर   32.0      25.4

    चम्पावत    25.8      19.1

    यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन से 30 से ज्यादा सड़कों पर आवागमन बाधित