Uttarakhand Weather: चार साल में सबसे कम ठंडा बीत रहा जनवरी, शनिवार को पाला गिरने का येलो अलर्ट
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में जनवरी महीने में भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले चार सालों में यह सबसे कम ठंडी जनवरी है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है। ऐसे में ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
बीते एक सप्ताह से अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। ऐसे में दिन में गर्माहट का एहसास हो रहा है। बीते चार साल में यह जनवरी सबसे कम ठंडी रही है। वर्ष 2021 में ही जनवरी के पहले पखवाड़े में पारा 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने से पारे में और इजाफा होने के आसार हैं।
ज्यादातर क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप
देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिल रही है। पिछले एक सप्ताह में कहीं-कहीं हल्के बादल भी मंडराते रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई और पारा चढ़ता रहा। इस माह अब तक प्रदेश में सामान्य से 83 प्रतिशत कम वर्षा हुई और ज्यादातर दिन शुष्क बने रहे। इसी कारण मैदान से लेकर पहाड़ तक ठंड भी कम रही।
सुबह-शाम जरूर कहीं-कहीं ठिठुरन बनी रही, लेकिन दिन में सूरज की तपिश में गर्माहट महसूस की गई। देहरादून में इस माह अब तक 24 में से 20 दिन तापमान सामान्य से अधिक रहा। इसके अलावा हाल ही में शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। अन्य शहरों में भी यही आलम रहा।
जनवरी के तीसरे सप्ताह में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक चार वर्ष में पहली बार पहुंचा है। इससे पहले वर्ष 2021 में जनवरी के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं, जिससे तापमान और बढ़ सकता है।
पहाड़ में पाला गिरने को लेकर येलो अलर्ट
आज दून में मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन पर्वतीय जिलों में पाला दुश्वारियां बढ़ा सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा छाने के आसार हैं। मौसम शुष्क बना रहने से तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 23.9, 9.2
- ऊधमसिंह नगर, 22.6, 4.7
- मुक्तेश्वर, 14.0, 2.3
- नई टिहरी, 16.5, 4.2
दिनभर खिली रही तेज धूप, ठंड से राहत
रुड़की: शिक्षानगरी में शुक्रवार को मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। धूप निकलने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। हालांकि गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से कम होकर 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, शाम होने पर मौसम में ठंड का असर बढ़ गया।
उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले में शनिवार को मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
तराई में चलेगी शीत लहर
रुद्रपुर : तराई में मौसम साफ रहने के साथ ही शीतलहर का प्रकोप रहेगा। पंतनगर विवि के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि शनिवार को मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप होगी, लेकिन शीत लहर चलेगी। शाम और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा होगा। शुक्रवार को आर्द्रता सुबह के समय 91 और दोपहर बाद 53 प्रतिशत आंकी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।