Weather Update: दून में मौसम शुष्क, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल; एक दिन बाद फिर बारिश-बर्फबारी के आसार
Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। ज्यादातर इलाकों में शुष्क मौसम और तेज धूप के बाद रविवार को भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि सोमवार से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा और हिमपात के आसार हैं। दून में शनिवार को सुबह से धूप खिली रही और तापमान में भी मामूली वृद्धि हुई।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिनभर तेज धूप खिल रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे कम बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। सोमवार से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा व हिमपात के आसार बन रहे हैं। जिससे पारे में मामूली गिरावट आ सकती है।
दून में शनिवार को सुबह से धूप खिली रही। दिनभर आसमान साफ रहने से तापमान में भी मामूली वृद्धि हुई। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। जिससे सुबह-शाम ठंड बरकरार है। दोपहर बाद पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने लगे। हालांकि, फिलहाल वर्षा के आसार नहीं हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, रविवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व बागेश्वर में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने का अनुमान है। साेमवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट बदल सकता है। आंशिक बादलों के बीच चोटियों पर हल्का हिमपात और निचले इलाकों में हल्की वर्षा की आशंका है। जिसमें बाद पहाड़ों में होली तक बादलों की आंख-मिचौनी बनी रह सकती है।
Jagran File Photo.
उच्च हिमालय में वर्षा और भारी हिमपात
धारचूला : उच्च हिमालय में मौसम लगातार खराब हो रहा है। बीते दो-तीन दिनों तक मौसम के सामान्य रहने के बाद शुक्रवार की रात्रि को छियालेख से लिपुलेख, आदि कैलास सहित दारमा घाटी में भारी हिमपात हुआ है। एक दिन पूर्व छियालेख तक खुला मार्ग फिर से यातायात के लिए बंद हो चुका है।
उच्च हिमालय से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम से ही उच्च हिमालय में मौसम का मिजाज बदल गया था। उच्च हिमालयी गांवों में हल्की वर्षा हुई और रात्रि नौ बजे के आसपास से हिमपात होने लगा। बूंदी और छियालेख के मध्य से लिपुलेख सड़क कई फीट बर्फ से ढकी है।
गुंजी से बर्फ में पैदल बूंदी तक आने के बाद धारचूला पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि बीते दिनों के भारी हिमपात के बाद आए दिन हो रहे हिमपात से उच्च हिमालय में कई फीट बर्फ जमी है। जिसके चलते मार्गों के जल्दी खुलने के आसार नहीं हैं। दारमा मार्ग भी बंद है। मार्ग खोलने का कार्य चल रहा है, परंतु सड़क पर कई फीट बर्फ हटाकर मार्ग खोलना चुनौती बना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।