विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: उत्‍तराखंड में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले इलाकों में हुआ हिमपात; मैदानी इलाकों में हुई बारिश

By Sunil NegiEdited By:
Published: Thu, 02 Jan 2020 07:19 PM (IST)Updated: Thu, 02 Jan 2020 08:55 PM (IST)

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में नए साल का पहला हिमपात हुआ जबकि अधिकांश मैदानी इलाकों में हुई बारिश से ठंड में इजाफा हुआ है।

Uttarakhand Weather: उत्‍तराखंड में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले इलाकों में हुआ हिमपात; मैदानी इलाकों में हुई बारिश
Uttarakhand Weather: उत्‍तराखंड में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले इलाकों में हुआ हिमपात; मैदानी इलाकों में हुई बारिश

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदली है। ऊंचाई वाले इलाकों में नए साल का पहला हिमपात हुआ, जबकि अधिकांश मैदानी इलाकों में हुई बारिश से ठंड में इजाफा हुआ है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की ऊंची पहाड़ि‍यों पर बर्फ की चादर और मोटी हो गई है। जबकि, मसूरी के पास धनोल्टी और सुरकंडा की पहाड़ि‍यों पर भी हल्का हिमपात हुआ है। उधर, कुमाऊं में मानसरोवर यात्रा मार्ग भी बर्फ से लकदक हो गया है। प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को भी प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है।

पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने से उत्तराखंड में बादलों ने डेरा डाल लिया है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई है। गुरुवार को देहरादून-मसूरी में भी रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। नए साल पर मसूरी घूमने आए सैलानी बर्फबारी की उम्मीद लगाए रहे, लेकिन दोपहर बाद बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई और देर रात तक बर्फबारी की संभावना बन गई। मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी ऐसा ही रहेगा। इस दौरान मौसम विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर देहरादून, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में जिला प्रशासन सतर्क हो गया है।

कुमाऊं की बात करें तो उच्च हिमालयी चोटियों पर बुधवार रात को ही बर्फबारी शुरू हो गई, जबकि सुबह से ही पिथौरागढ़ शहर, चंपावत व बागेश्वर में हल्की बारिश हुई। नैनीताल में हिमकण गिरने से ठंड बढ़ गई है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी, नारायणआश्रम में शाम से हिमपात जारी है। कालामुनि और बिटलीधार में भारी बर्फबारी से थल-मुनस्यारी मार्ग बंद हो चुका है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में गाला से लेकर चीन सीमा लिपूलेख तक बर्फबारी हो रही है। वहीं, मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान शून्य है, जबकि अधिकतम तापमान भी छह डिग्री के आसपास पहुंच गया है।

बदरीनाथ और केदारनाथ में देर रात तक करीब एक से डेढ़ फीट बर्फबारी हो चुकी थी। गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी का दौर जारी है। इसके अलावा चमोली में हेमकुंड साहिब, नीती और माणा घाटी के साथ ही प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली ने भी बर्फ की चादर और मोटी हो गई है। उत्तरकाशी जिले में हर्षिल में हल्की बर्फ गिरी तो देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में भी हल्का हिमपात हुआ है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: कुमाऊं में बारिश, गढ़वाल में बादलों का डेरा; हो सकता है हिमपात

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 2200 मीटर की ऊंचाई तक भारी बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ शहरों में शीत दिवस जैसे हालात बनने के भी संभावना है।

यह भी पढ़ें: यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड, तीन शहरों का पारा शून्य से नीचे