यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहरादून पहुंचे सुपरस्टार रजनीकांत, नई फिल्म की करेंगे शूटिंग
अभिनेता रजनीकांत देहरादून के जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट पहुंचे। होटल पहुंचने पर उनका स्वागत फूल मालाओं के साथ पारंपरिक रूप से किया गया।

देहरादून, [जेएनएन]: सुपरस्टार रजनीकांत की नई फिल्म की शूटिंग दून में बुधवार से शुरू हो रही है। बड़े बजट की इस दक्षिण भारतीय फिल्म की शूटिंग देहरादून और मसूरी में कई लोकेशन पर की जाएगी। शूटिंग के लिए रजनीकांत देहरादून पहुंच गए हैं। फिल्म में रजनीकांत मुख्य भूमिका में हैं। अभिनेत्री सिमरन भी उनके साथ नजर आएंगी। दून में पांच अगस्त तक शूटिंग चलेगी।
मंगलवार दोपहर अभिनेता रजनीकांत जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट पहुंचे। होटल पहुंचने पर उनका स्वागत फूल मालाओं के साथ पारंपरिक रूप से किया गया। उधर, सुपरस्टार के दून पहुंचने की खबर प्रशंसकों को मिलने से होटल में काफी संख्या में लोग जमा हो गए। हालांकि रजनीकांत होटल से बाहर नहीं निकले। लोगों को उनसे बिना मिले ही लौटना पड़ा।

शाइन बाग में शूटिंग आज
जानकारी के अनुसार बुधवार को पहले दिन फिल्म की शूटिंग गुनियाल गांव स्थित शाइन बाग में होगी। शूटिंग के लिए पूरा सेट तैयार कर लिया गया है।

कुर्ता-पायजामे में दिखे रजनीकांत
देहरादून पहुंचने पर रजनीकांत सफेद रंग के कुर्ता-पायजामे में नजर आए। उन्होंने चश्मा भी पहना हुआ था। वह अच्छे मूड में दिख रहे थे। एयरपोर्ट पर उन्होंने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। हालांकि, उनके निजी सुरक्षाकर्मियों ने प्रशंसकों को उनसे दूर ही रखा।
