राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने कॉन्स्टेबल का ग्रेड पे 2800 करने पर दिया जोर
उत्तराखंड कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आइजी कार्मिक पुष्पक ज्योति से मुलाकात की और पुलिस कॉन्स्टेबल का ग्रेड पे 28 सौ करने पर जोर दिया।
देहरादून, जेएनएन। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आइजी कार्मिक पुष्पक ज्योति से मुलाकात की। परिषद ने पुलिस के कार्यों को सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण मानते हुए कहा कि विभाग अगर पुलिस कॉन्स्टेबल का ग्रेड पे 28 सौ करने की शासन को संस्तुति करता है, तो परिषद इसे कभी विशेष श्रेणी का मानते हुए नजीर के रूप में दावा पेश नहीं करेगा।
आइजी कार्मिक से मुलाकात में परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर प्रहलाद सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में पुलिस कॉन्स्टेबल की 1989 से पदोन्नति नहीं हुई है। आइजी ने कहा कि इस तरह का कोई मामला उनके संज्ञान में अभी तक नहीं आया है, लेकिन यदि ऐसा है तो उसे देखा जाएगा। परिषद ने पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए कार्मिकों का ग्रेड पे बढ़ाने, समयबद्ध पदोन्नति करने, एसीपी का प्रदान करने संबंधी समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अनुशासित बल है, लेकिन परिषद पुलिसकर्मियों की मांगों को अनुशासन के दायरे में रखते हुए उच्चाधिकारियों के समक्ष रखेगा। आइजी ने कहा कि पुलिस विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है। सबसे पहले उच्च पदों पर पदोन्नति की जा रही है, जिससे ज्यादा से ज्यादा पदोन्नति हो सके और रिक्त पदों को भरा जा सके। इंस्पेक्टर से डिप्टी एसपी के पदों पर पदोन्नति कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ ने जताया रोष, कहा-कोर्ट का फैसला आने तक भर्ती पर लगे रोक
अब सब इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल की पदोन्नति की जानी है। इससे लगभग कॉन्स्टेबल के पंद्रह सौ पद खाली होंगे, जिसका लाभ बेरोजगारों को मिलेगा। उन्होंने कहा संशोधित सेवा नियमावली की प्रक्रिया भी गतिमान है। वार्ता के दौरान परिषद के प्रदेश कार्यकारी महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट और अरुण पांडेय, जिलाध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।