Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारी बारिश की चेतावनी, 48 घंटे के अलर्ट पर उत्तराखंड

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Sun, 29 Jul 2018 09:05 PM (IST)

    मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश में भारी से भारी बारिश के आसार हैं। विशेषकर कुमाऊं में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    भारी बारिश की चेतावनी, 48 घंटे के अलर्ट पर उत्तराखंड

    देहरादून, [जेएनएन]: दो दिन तक लगातार बारिश के बाद रविवार को उत्तराखंड में मौसम भले ही साफ रहा, लेकिन प्रदेश में 48 घंटे का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश में भारी से भारी बारिश के आसार हैं। विशेषकर कुमाऊं में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन को सजग रहने को कहा गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए शासन ने उच्च हिमालयी क्षेत्र में फिलहाल पर्यटकों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों और तीर्थयात्रियों को भी सावधानी बरतने के लिए शासन ने एडवाइजरी जारी की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रविवार सुबह से आसमान बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश थम चुकी है। बावजूद इसके दुश्वारियों कम नहीं हुई हैं। देहरादून जिले के पर्वतीय इलाकों में 33 सड़कें बंद हैं। इससे दूर-दराज के इलाके मुख्यालय से कट चुके हैं। उत्तराखंड में 115 से ज्यादा संपर्क मार्ग मलबा आने से बाधित हैं। चार धाम मार्गों पर मलबा गिरने का सिलसिला जारी है। शनिवार को बंद गंगोत्री हाईवे पर दोपहर बाद यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि डाबरकोट के बाद यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं खुल पाया है। यहां पर हाईवे 21 जुलाई से बंद है। नदियों के वेग से लोग सहमे हुए हैं।  

    देहरादून जिले में यमुना की सहायक नदी टौंस उफान पर है। इससे त्यूणी कस्बे को खतरा उत्पन्न हो गया है। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा चेतावनी रेखा के करीब है। प्रशासन ने नदी तटों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। कुमाऊं में भी स्थिति ऐसी ही हैं। काली नदी खतरे के निशान के पास है तो गोरी, सरयू और शारदा उफान पर हैं। 

    पिथौरागढ़ के धारचूला में रविवार सुबह पशुओं के लिए चारा काटने जंगल गई महिला पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर गंभीर रू प से घायल हो गई। महिला को तीन किलोमीटर की डोली मेें धारचूला स्वास्थ केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने महिला की हालत देख हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

    वहीं दोपहर में एक युवती पत्थरों की चपेट में आने से घायल हो गई, जिसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया है।

    बागेश्वर जिले में बारिश से छह मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं  मकान की छत गिरने से एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई।

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

    यह भी पढ़ें: चमोली के नीति घाटी में बादल फटा, चार की मौत; भारी बारिश की चेतावनी 

    यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बरस रही आफत, डरा रही नदियां; दरक रहे हैं पहाड़