Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rain Alert Uttarakhand : हेमकुंड साहिब में बर्फबारी, यात्रा रोकी, अगले 2 दिन प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी

    By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra
    Updated: Sun, 09 Oct 2022 09:07 AM (IST)

    Rain Alert Uttarakhand मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। कुमाऊं में भारी से भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट तो गढ़वाल में गरज के साथ तेज बौछारों का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

    Hero Image
    Rain Alert Uttarakhand : हेमकुंड, गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी। जागरण

    टीम जागरण, देहरादून : Rain Alert Uttarakhand : उत्‍तराखंड प्रदेश में मानसून की विदाई से पूर्व मौसम के तेवर बदले हुए हैं। बीते तीन दिन से ज्यादातर क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी है।

    भारी बारिश की बौछार लोगों को डरा रही है। वहीं चारधाम सहित ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी से अब गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। आज रविवार को कुमाऊं मंडल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रविवार को भी बदरीनाथ और हेमकुंड में बर्फबारी हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हेमकुंड साहिब यात्रा रोकी

    रविवार की सुबह 50 से अधिक यात्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर रवाना हुआ। हालां‍कि भारी बर्फबारी के कारण सुबह सात बजे बाद हेमकुंड साहिब यात्रा को रोक दिया गया। यात्रियों को घांघरिया में रोका गया है। यह जानकारी गुरूद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मेनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने दी।

    रविवार को देहरादून में बादल छाए रहे और हल्‍की बूंदाबांदी हुई। हालांकि बाद में धूप खिल गई। रुड़की में बादल छाए रहे और हल्की वर्षा हुई। ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र में हल्की वर्षा हुई। कोटद्वार में शनिवार आधी रात के बाद बारिश हुई जो रविवार सुबह भी जारी रही। पौड़ी में रात्रि से लगातार बारिश होती रही। केदारनाथ धाम में भी बारिश हुई।

    अगले दो दिन कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी

    मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान कुमाऊं में भारी से भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, गढ़वाल में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ने को लेकर यलो अलर्ट है।

    हेमकुंड, गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी

    वहीं शनिवार को हेमकुंड, गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ की चोटियों में बर्फबारी और कई क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा से उत्तराखंड में ठंड बढ़ गई है। कई स्थानों पर तापमान में पांच से 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। हेमकुंड साहिब में एक इंच से अधिक बर्फ जम गई है।

    यह भी पढ़ें : Uttarakhand Weather Update : कुमाऊं में तीन दिन से वर्षा जारी, कल से राहत की उम्मीद 

    चार दिन में नौ डिग्री तक लुढ़का अधिकतम तापमान

    रुड़की में बीते चार दिन में अधिकतम तापमान नौ डिग्री तक लुढ़क गया है। ऐसे में मौसम से उमस गायब हो गई है और हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। शनिवार को दिनभर आसमान में काले घने बादलों का पहरा रहा और रुक-रुककर वर्षा की फुहारें पड़ती रही।

    पिछले तीन-चार दिन से शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम काफी बदल गया है। आसमान में बादलों का डेरा होने और रुक-रुककर हल्की वर्षा की वजह से मौसम राहतभरा हो गया है। वहीं दिन और रात के तापमान में भी गिरावट आई है। चार अक्टूबर से दिन के तापमान में लगातार कमी आ रही है।

    चार अक्टूबर को जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शनिवार को यह लुढ़ककर 25.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री से कम होकर 21.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

    उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले में 12 अक्टूबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है।

    नौ अक्टूबर को 25 मिमी, 10 और 11 अक्टूबर को पांच-पांच मिमी और 12 अक्टूबर को 10 मिमी वर्षा का अनुमान है। वहीं रुड़की में 12 अक्टूबर तक कुल 130.3 मिमी बारिश का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार किसान वर्षा के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खेतों से जल निकासी की उचित व्यवस्था करें।

    उच्च हिमालयी क्षेत्र की ट्रैकिंग पर गए 122 ट्रैकर फंसे

    बागेश्वर में उच्च हिमालयी क्षेत्र की ट्रैकिंग पर गए 122 ट्रैकर फंस गए हैं। पिंडारी जीरो प्वाइंट में 15 ट्रैकर्स हैं। वहां वे संन्यासी बाबा की कुटिया में रुके हुए हैं। कठलिया में छह और खाती में 71 ट्रैकर्स रुके हैं। इसके अलावा मेंतोली में 16 ट्रैकर्स रुके हुए हैं।

    यह भी पढ़ें : Uttarakhand Weather: चोटियों पर बर्फबारी से लुढ़का पारा, गढ़वाल में राहत, कुमाऊं में बारिश का दौर रहेगा जारी

    बागेश्वर की जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने कहा कि पंजीकरण करके गए सभी टैकर्स सुरक्षित जगहों पर रुके हुए हैं। कुछ ट्रैकिंग दलों से सेटेलाइट फोन के माध्यम से संपर्क हो रहा है। वर्षा रुकने पर सभी ट्रैकर्स अपने गंतव्यों को जाएंगे।