Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Weather: चोटियों पर बर्फबारी से लुढ़का पारा, गढ़वाल में राहत, कुमाऊं में बारिश का दौर रहेगा जारी

    By Jagran NewsEdited By: Sunil Negi
    Updated: Sat, 08 Oct 2022 10:36 PM (IST)

    Uttarakhand Weather News कई क्षेत्रों में भारी वर्षा का दौर जारी है। कुमाऊं में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। अगले दो दिन कुमाऊं में वर्षा का क्रम बना रह सकता है। चोटियों पर भारी हिमपात से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।

    Hero Image
    हेमकुंड साहिब में बर्फबारी का नजारा । साभार सरदार सेवा सिंह

    जागरण संवाददाता, देहरादून : Uttarakhand Weather News: उत्तराखंड में कई क्षेत्रों में भारी वर्षा का दौर जारी है। खासकर कुमाऊं में भारी वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित है। अगले दो दिन कुमाऊं में वर्षा का क्रम बना रह सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिमपात से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ी

    हालांकि, गढ़वाल में रविवार से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। चोटियों पर भारी हिमपात के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। कई स्थानों पर तापमान में पांच से 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है।

    रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी

    प्रदेश में मानसून की विदाई से पूर्व मौसम के तेवर बदले हुए हैं। बीते तीन दिन से ज्यादातर क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी है। कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित है। जबकि, गढ़वाल में भी कहीं-कहीं वर्षा और चोटियों पर हिमपात मुसीबत बना हुआ है।

    रेस्क्यू आपरेशन भी हो रहा प्रभावित

    भारी हिमपात के कारण द्रोपदी का डांडा में पर्वतारोहियों को खोजने का रेस्क्यू आपरेशन भी प्रभावित हो रहा है। नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी वर्षा दर्ज की गई। जबकि, चमोली जिले में दो दिनों से बारिश हो रही है।

    हेमकुंड में हल्की बर्फबारी

    हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी हुई है। बदरीनाथ धाम में चोटियों में बर्फबारी हो रही है। हेमकुंड यात्रा पर गए सभी यात्री वापस बैस कैंप घांघरिया लौट आए हैं।

    कहीं-कहीं हो सकती भारी वर्षा

    मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में अलगे दो दिन कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान कुमाऊं में भारी से भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, गढ़वाल में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ने को लेकर यलो अलर्ट है।

    यह भी पढ़ें:Weather Red Alert : उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

    पांच से 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा

    लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड महसूस की जाने लगी है। ऊधमसिंह नगर में बीते दो दिन में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस गिर गया है।

    देहरादून में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, मुक्तेश्वर, टिहरी, मसूरी, नैनीताल में भी तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है।

    यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather : गंगोत्री धाम की चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात, अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम