विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चमोली के ले. जनरल जयवीर नेगी बने आइएमए कमान्डेंट

By Edited By:
Published: Sat, 01 Feb 2020 08:23 PM (IST)Updated: Sun, 02 Feb 2020 09:21 AM (IST)

लेफ्टिनेंट जनरल जयवीर सिंह नेगी भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) के नए कमान्डेंट बने हैं। उन्होंने ले. जनरल एसके झा का स्थान लिया है।

चमोली के ले. जनरल जयवीर नेगी बने आइएमए कमान्डेंट
चमोली के ले. जनरल जयवीर नेगी बने आइएमए कमान्डेंट

देहरादून, जेएनएन। लेफ्टिनेंट जनरल जयवीर सिंह नेगी भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) के नए कमान्डेंट बने हैं। उन्होंने ले. जनरल एसके झा का स्थान लिया है। चार दशक की लंबी सैन्य सेवा के बाद जनरल झा एक दिन पहले सेवानिवृत्त हो गए हैं। वहीं 49वें कमान्डेंट के तौर पर ले. जनरल नेगी ने शनिवार को अकादमी में कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले उन्होंने अकादमी के वॉर मेमोरियल पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। वह मूलरूप से चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के कमद गांव के रहने वाले हैं। प्रारंभिक शिक्षा गांव से ही करने के बाद ले. जनरल नेगी ने 10वीं व 12वीं की परीक्षा मेरठ के सेंट जॉन हायर सेकेंडरी स्कूल से की थी। उनके पिता दयाल सिंह नेगी बैंक के कार्मिक थे तो मां सतेश्वरी नेगी गृहणि।

बाहरवीं उर्तीण करने के बाद वर्ष 1977 में उनका चयन खड़गवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) के लिए हुआ था। एनडीए के बाद भारतीय सैन्य अकादमी से सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर वह जून 1981 में पास आउट होकर सेना की 16 डोगरा रेजीमेंट में कमीशंड हुए। अपनी 39 साल की सैन्य सेवा के दौरान अब तक वह सेना के कई अहम पदों पर तैनात रह चुके हैं। 

पश्चिमी सेक्टर में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान उन्होंने अपनी बटालियन की कमान संभाली थी। उत्तर पूर्व में काउंटर इंसरजेंसी, असम रायफल्स सेक्टर, लद्दाख क्षेत्र के ऊंचाई वाले क्षेत्र में डिवीजन और वेस्टर्न सेक्टर में एक स्ट्राइक कोर की जिम्मेदारी भी वह संभाल चुके हैं। कई आतंकरोधी अभियान की कमान संभालने के साथ ही कांगो में भी वह संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में तैनात भारतीय सैन्य ब्रिगेड के उप कमांडर और चीफ ऑफ स्टाफ के तौर पर भी वह तैनात रहे हैं।

बतौर कमान्डेंट भारतीय सैन्य अकादमी की कमान संभालने से पहले ले. जनरल नेगी स्ट्रैटजिक फोर्सेस कमांड के कमांडर पद पर तैनात थे। विशिष्ट सैन्य सेवा के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक व विशिष्ट सेवा पदक मिल चुका है। वहीं संयुक्त राष्ट्र ने उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए संयुक्त राष्ट्र सेना कमांडर की उपाधि से भी सम्मानित किया है। 

यह भी पढ़ें: भारतीय सैन्य अकादमी ने पूरा किया 87 वर्ष का गौरवशाली सफर Dehradun News

आइएमए के कमान्डेंट बनने से उनके गांव कमद में भी खुशी का माहौल है। बताया जाता है कि हर अंतराल बाद वह गांव आते-जाते रहते हैं। ले. जनरल नेगी के परिवार में उनकी पत्नी कुसुम नेगी व दो बेटे जयंत व अनंत हैं। बड़ा बेटा जयंत मर्चेंट नेवी में तैनात हैं और छोटा बेटा अनंत दिल्ली की एक लॉ फर्म में कार्यरत है।

यह भी पढ़ें: भारतीय सैन्य अकादमी पहुंचे तजाकिस्तान के राजदूत, कई मुद्दों पर हुई बात Dehradun News