Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बच्चे के संपूर्ण विकास के लिए स्वस्थ रखिए खानपान Dehradun News

    By BhanuEdited By:
    Updated: Thu, 06 Feb 2020 12:34 PM (IST)

    बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सम्पूर्ण विकास के लिए उनके खान-पान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। अगर आप उन्हें स्वस्थ देखना चाहते हैं तो सबसे पहले उनका जंक फूड छुड़वा दें।

    बच्चे के संपूर्ण विकास के लिए स्वस्थ रखिए खानपान Dehradun News

    देहरादून, जेएनएन। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सम्पूर्ण विकास के लिए उनके खान-पान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। अगर आप उन्हें स्वस्थ देखना चाहते हैं तो सबसे पहले उनका जंक फूड छुड़वा दें। जंक फूड आपको कई तरह से बीमार करता है। इससे न सिर्फ मोटापा बढ़ता है बल्कि ट्रांसफैट ज्यादा होने की वजह से आपको दिल की बीमारियां भी हो सकती हैं। डायटीशियन एवं न्यूट्रीशियन एडवाइजर दीपशिखा गर्ग ने दैनिक जागरण के अभियान 'जंक फूड से जंग' के तहत यूनिवर्सल ऐकेडमी में आयोजित कार्यशाला में यह बात कही। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा, कई अध्ययनों में पता चला है कि जंक फूड खाने से डायबिटीज की बीमारी भी होती है। इसके अलावा जंक फूड से शरीर में विटामिन की कमी होने के साथ ही दांत और लिवर भी खराब हो सकता है। जंक फूड पाचन प्रक्रिया को खराब करता है और आपको पेट संबंधी रोग जैसे कि गैस व कब्ज दे सकता है। इसलिए जंक फूड खाना बिल्कुल छोड़ दें। इसके बदले घर का पौष्टिक आहार लें। 

    उन्होंने कहा कि जंक फूड में स्वाद लाने के लिए कई कृत्रिम सामग्रियां डाली जाती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होती हैं। इनको कृत्रिम रंग और कृत्रिम मिठास दी जाती है। जिससे सेहत पर बुरा असर पड़ता है। बच्चों को जंक फूड से दूर रखने के लिए पारंपरिक खाद्य पदार्थों में थोड़ा बदलाव किया जा सकता है। 

    यानी पौष्टिकता बरकरार रखते हुए उन्हें बच्चों की पसंद के अनुसार बनाया जा सकता है। स्कूल की प्रधानाचार्य रश्मि सिंह ने दैनिक जागरण की इस पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि इससे जंक फूड के नुकसान आदि को लेकर लोगों में जागरूकता आएगी। न केवल अभिभावक बच्चों को जंक फूड से दूर रखने का संकल्प लेंगे बल्कि स्कूल भी इस बाबत व्यवस्था बनाएंगे। इस आयोजन में सिप्ला का विशेष सहयोग रहा। 

    नाटक के जरिये बताए नुकसान 

    इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जंक फूड के नुकसान बताने के लिए नाटक का मंचन किया। जिसमें गरिमा सिंह, गरिमा बडोनी, अनुष्का जोशी, अपूर्वा, अंशराज सिंह, तस्मिया सैफी, ओशान वाधवा, धानी माहरा, सार्थक विरमानी, संस्कार चौधरी, अनुष्का, अरिबा खान, आरव सैनी, समीक्षा सेमवाल, यशस्वी, निहारिका व सुखप्रीत कौर आदि शामिल रहे। 

    यह भी पढ़ें: कहीं आपकी ही वजह से तो पोषण से दूर नहीं बच्चा, इन बातों का रखें ख्याल

    इन बातों का रखें ख्याल 

    -जंक फूड में भारी मात्रा में शुगर और फैट होता है। जो मोटापा तो बढ़ाते ही हैं, डायबिटीज की आशंका भी खड़ी करते हैं। 

    -जंक फूड का नकारात्मक असर बच्चों के दिमाग पर पड़ता है। इनके सेवन से पेट तो भर जाता है, लेकिन शरीर और दिमाग को वो न्यूट्रिएंट नहीं मिल पाते, जिनकी जरूरत होती है। 

    -इन खाद्य पदार्थों में कई केमिकल का प्रयोग किया जाता है, जिनसे एलर्जी का खतरा रहता है। कई बार ऐसी एलर्जी हो जाती है, जिसका इलाज संभव नहीं होता और बच्चे को जिंदगीभर उससे जूझना पड़ता है।

    -जंक फूड में नमक ज्यादा होता है। यह हड्डियां कमजोर करता है। इनके अधिक सेवन से बच्चे का बर्ताव बदल सकता है। वह चिढ़चिढ़ा हो सकता है। यह जंक फूड में मौजूद ओमेगा 3 फैटी एसिड के कारण होता है।

    -कई जंक फूड के साथ कोल्ड ड्रिंक्स परोसे जाते हैं। यह फैशन का हिस्सा हो सकता है, लेकिन लगातार ज्यादा कोल्ड ड्रिंक्स से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा रहता है।

    यह भी पढ़ें: जंक फूड की आदत दे रही है ढेरों बीमारियों को दावत