यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
काबिलियत है तो मामूली किरदार को बना सकते हैं खासः सलीम जैदी
कॉमेडी कलाकार सलीम जैदी मानते हैं कि कोई भी किरदार छोटा या बड़ा नहीं होता। अगर आपके में काबिलियत है ...और पढ़ें

देहरादून, [जेएनएन]: भाभी जी घर पर हैं, कॉमेडी सीरियल में नौकर 'टिल्लू' का किरदार निभा रहे सलीम अपने कॉमेडी अंदाज के कारण खास पहचान बना चुके हैं। नौकर 'टिल्लू' का 'मालिक, मेरी पगार का क्या होगा..' डायलॉग आज सीरियल की जान बन गया है। सलीम जैदी (टिल्लू) मानते हैं कि कोई भी किरदार छोटा या बड़ा नहीं होता। अगर आपके में काबिलियत है तो आप किसी भी मामूली से किरदार को खास बना सकते हैं। देहरादून एक कार्यक्रम में पहुंचे सलीम जैदी ने अपने अनुभव साझा किए।
कॉमेडी कलाकार सलीम जैदी ने कहा कि शो में बड़े-बड़े कलाकार हैं। सबके किरदार खास हैं। उनके बीच में रहकर पहचान बनाना उपलब्धि से कम नहीं है। जैदी ने कहा कि जब दर्शक आपको पसंद करने लगते हैं और आपके किरदार को सराहा जाता है, तो कलाकार के लिए यह सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।
उन्होंने कहा कि मुझे शुरू से ही कॉमेडी किरदार पसंद थे। जैदी ने अपने जीवन के मुश्किल समय के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किसी समय उन्हें खाने को दो रोटी के लिए भी तरसना पड़ा है। इसलिए उन्होंने हास्य अभिनय के जरिए दूसरों के चेहरे पर खुशी लाने की सोची। इसमें उन्हें बहुत आनंद मिलता है।
उन्होंने कहा कि वे कॉमेडी अभिनेता जॉनी लीवर व राजपाल यादव को अपना आइडल मानते हैं। जैदी कहते हैं कि आज एंटरटेनमेंट हर सीरियल व फिल्म के लिए जरूरी हो चुका है। इसलिए कॉमेडी अभिनय में भी उज्ज्वल भविष्य है। साथ ही कहा कि आपका अभिनय दूसरों से अलग होना भी जरूरी है।
संघर्षपूर्ण रहा जीवन
कॉमेडी सीरियल में टिल्लू नौकर के किरदार से सबको हंसाने वाले सलीम जैदी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। जैदी ने बताया कि उनकी मां बचपन में ही गुजर गई थी। फिर शिक्षक पिता ने उनका, बड़े भाई व बहनों का पालन-पोषण किया। इसके बाद बड़े भाई ने दिल्ली में पढ़ाई कराई और करियर बनाने में पूरी मदद की।
