यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
मौसम विभाग ने प्रदेश में शुक्रवार के लिए भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम की चेतावनी ...और पढ़ें

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में दोपहर बाद बर्फबारी शुरू हो गई। निचले स्थानों में बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने प्रदेश में शुक्रवार के लिए भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर पर्वतीय जिलों में जिलाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
प्रदेश में दोपहर तक ज्यादातर स्थानों पर मौसम साफ था, लेकिन शाम को चमोली, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में बारिश शुरू हो गई। चमोली में बदरीनाथ के अलावा औली और गोरसो बुग्याल (उच्च हिमालय में घास के मैदान)में रुक-रुक कर बर्फ गिर रही है। रुद्रप्रयाग जिले के चोपता, दुगलबिट्टा, पंवालीकांठा, तंगनाथ, देवरियाताल और त्रियुगीनारायण समेत ऊंचाई वाले स्थानों पर दोपहर बाद बर्फबारी शुरू हो गई, जो शाम तक जारी थी।
मलारी हाईवे पर आवाजाही सुचारु
आखिरकार दो सप्ताह बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाले मार्ग पर आवाजाही बहाल कर दी है। जोशीमठ से मलारी तक 66 किलोमीटर लंबे हाईवे से बर्फ हटा ली गई है। बीआरओ के कमांडर मनीष कपिल ने बताया कि मार्ग में कई जगह पांच से छह फीट बर्फ होने के कारण टीम को दिक्कतें आईं। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ हाईवे भी बदरीनाथ के पास रडांग बैंड तक खोल दिया गया है। शुक्रवार तक इस पर आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। बीआरओ कमांडर के मुताबिक हाईवे से बर्फ हटाने छह जेसीबी और 60 श्रमिकों की मदद ली जा रही है।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में अगले दो दिन भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
विभिन्न शहरों में तापमान
शहर, अधि. न्यून.
देहरादून 19.2 8.2
उत्तरकाशी 13.6 5.6
मसूरी 07.6 4.2
टिहरी 08.4 4.0
हरिद्वार 18.2 8.1
जोशीमठ 08.3 2.8
पिथौरागढ़ 14.8 6.2
अल्मोड़ा 13.1 4.2
मुक्तेश्वर 08.2 2.9
नैनीताल 12.0 6.0
यूएसनगर 21.0 11.1
चम्पावत 10.2 4.1
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: भारी बर्फबारी के कारण अलग-थलग पड़े गांवों में जनजीवन हुआ बेहाल
