विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Coronavirus Vaccination: वैक्सीन लगवाने के बाद तबीयत बिगड़ी, अब स्थिति सामान्य

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Mon, 18 Jan 2021 10:05 AM (IST)

उत्तराखंड में शनिवार से शुरू हुए कोविड-19 टीकाकरण अभियान के बाद अब वैक्सीन के साइड इफेक्ट के भी कुछेक मामले ...और पढ़ें

वैक्सीन लगवाने के बाद तबीयत बिगड़ी, अब स्थिति सामान्य।
वैक्सीन लगवाने के बाद तबीयत बिगड़ी, अब स्थिति सामान्य।

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार से शुरू हुए कोविड-19 टीकाकरण अभियान के बाद अब वैक्सीन के साइड इफेक्ट के भी कुछेक मामले आने लगे हैं। हरिद्वार व देहरादून जनपद में स्वास्थ्य कर्मियों की तबीयत खराब हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि अन्य टीकाकरण की तरह कोविड टीकाकरण के बाद भी बुखार, सूजन और एलर्जी जैसी छिटपुट समस्याएं हो सकती हैं। इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं है। वैक्सीन के प्रतिकूल असर के प्रबंधन के लिए भी विभाग पूरी तरह तैयार है। 

चिकित्सा अधीक्षक अस्पताल में भर्ती

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा की तबीयत खराब होने पर रविवार सुबह उन्हेंं अस्पताल के वीआइपी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉ. टम्टा ने शनिवार को वैक्सीन लगवाई थी। रात में उनको बुखार आया। डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि उनकी एमआरआइ, अल्ट्रासाउंड समेत खून की जांचें कराई गई हैं। सभी रिपोर्ट सामान्य हैं। शरीर में नमक की मात्रा कम होने से दिक्कत हुई। उन्हेंं एईएफआई यानि आफ्टर इफेक्ट फॉलोइंग इम्यूनाइजेशन नहीं है। उधर, टीका लगवाने के बाद कई अन्य कर्मियों को भी हल्का बुखार, दर्द हुआ है। उनमें से कई ने अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी है। हालांकि, दवा लेने के बाद अब उनकी तबीयत ठीक हो गई।

हरिद्वार में चिकित्सक समेत पांच की तबीयत बिगड़ी, अब स्वस्थ 

हरिद्वार में पांच चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों को हल्का बुखार, बदन दर्द और सिरदर्द की शिकायत आई, हालांकि अब सभी सामान्य हैं। जिले के सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि किसी भी तरह के टीके लगने के बाद हल्का बुखार, बदन दर्द, सिर दर्द आदि की शिकायत आना स्वाभाविक है। इससे यह पता चलता है कि वैक्सीन की गुणवत्ता अच्छी और प्रभावी है। 

रुड़की में चिकित्सक समेत 10 को आया बुखार 

सिविल अस्पताल रुड़की में कोरोना का टीका लगने के बाद चिकित्सक समेत दस स्वास्थ्य कर्मियों को बुखार आया, हालांकि इसके अलावा कोई और दिक्कत नहीं आई है। यहां अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित 67 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई गई थी। इनमें से रात के समय दस को बुखार आया, जो रविवार दिन तक सामान्य हो गए। वैक्सीन सेंटर के सेशन साइट इंचार्ज डॉ. नितिश कुमार ने बताया कि वैक्सीन लगने के बाद बुखार आना सामान्य बात है। 

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Coronavirus News Update: उत्तराखंड के लिए राहत का रविवार, पांच जिलों में नहीं मिला एक भी व्यक्ति संक्रमित