Move to Jagran APP

पॉलीथिन के खिलाफ बैठक में आधे पार्षद नदारद Dehradun News

नगर निगम सभागार में अभियान को लेकर बुलाई गई बैठक में आधे से ज्यादा पार्षद नदारद रहे। इसे लेकर महापौर सुनील उनियाल गामा ने नाराजगी जताई।

By BhanuEdited By: Published: Fri, 20 Sep 2019 11:25 AM (IST)Updated: Fri, 20 Sep 2019 11:25 AM (IST)
पॉलीथिन के खिलाफ बैठक में आधे पार्षद नदारद Dehradun News
पॉलीथिन के खिलाफ बैठक में आधे पार्षद नदारद Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। दून शहर में पॉलीथिन पर प्रतिबंध को लेकर नगर निगम मेगा अभियान चलाने का दावा कर रहा पर शायद पार्षदों को इससे कोई इत्तेफाक नहीं है। स्थिति ये है कि नगर निगम सभागार में अभियान को लेकर बुलाई गई बैठक में आधे से ज्यादा पार्षद नदारद रहे। इसे लेकर महापौर सुनील उनियाल गामा ने सख्त नाराजगी जताई और कहा कि जनता के हितों से जुड़े कामों में जनप्रतिनिधियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपेक्षा की जाती है। पार्षदों का इस तरह के बड़े अभियान से कन्नी काटना बेहद चिंताजनक है। वहीं, जो पार्षद मौजूद थे, महापौर ने उनसे वार्डों में कपड़े के थैले बांटने के लिए क्षमता के अनुसार अंशदान करने की बात कही। 

loksabha election banner

पिछले करीब 25 दिन से पॉलीथिनमुक्त दून की कसरत को लेकर नगर निगम प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में व्यापारियों व अन्य वर्गों समेत पार्षदों व स्कूलों के प्रतिनिधियों के संग अलग-अलग दौर की कार्यशालाएं बुलाई गई। गत 11 सितंबर से हर वार्ड में रैली निकालकर जन-जागरुकता की जा रही है। 

अब निगम अगले चरण में व्यापक रैली व कपड़े के थैले बांटने का अभियान शुरू करने जा रहा है। इसलिए नगर निगम में सभी पार्षदों को बैठक में बुलाया गया था। महापौर सुनील उनियाल गामा की अध्यक्षता, नगर आयक्त विनय शंकर पांडेय व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू हुई बैठक में महापौर ने बताया कि 25 से 30 सितंबर तक नगर निगम शहर में कपड़े के दो लाख थैले वितरित करेगा। 

एक थैले की कीमत 50 रुपये है। अभी तक लगभग 18 हजार थैले बन पाए हैं। थैले आमजन को निश्शुल्क वितरित किए जाएंगे। महापौर ने कहा कि अगर पार्षद जल्द इसमें अपना अंशदान देंगे तो काम में तेजी आएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि निगम की ओर से पूरे शहर में आठ से नौ हजार दुकानों पर विशेष बोर्ड लगवाए जाएंगे। इन बोर्ड पर लिखाया जा रहा है कि-पॉलीथिन मांग मुझे शर्मिंदा न करें और खुद भी शर्मिंदा न हों। 

दूसरी तरफ, थैले बांटने को लेकर बैठक में मौजूद पार्षदों को संदेश देते हुए महापौर ने कहा कि वे थैले बांटने में पक्षपात न करें। पार्षद यह ना सोचें कि कहां से वोट ज्यादा मिले या कहां से कम। सभी को बराबर महत्व दें। नगर आयुक्त ने बताया कि अभियान में निगम की ओर से शनिवार शाम महारैली निकाली जाएगी। रैली में एक से डेढ़ हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। 

सिपाही लगाने की प्रशंसा 

महापौर ने शहर में डेंगू के प्रकोप को देखते हुए एसएसपी अरुण मोहन जोशी की ओर से 500 सिपाहियों को मदद में लगाने की प्रशंसा की। महापौर ने कहा कि पुलिस कप्तान ने 500 सिपाहियों को डेंगू नियंत्रण कार्य में लगाया है और ये नगर निगम को सहयोग कर रहे। 

दरबार साहिब देगा 25 लाख थैले 

महापौर सुनील उनियाल गामा ने दरबार साहिब में श्रीमहंत देवेंद्र दास से मुलाकात की। शहर में डेंगू के बढ़ते प्रकोप व रोकथाम को लेकर उनसे चर्चा की। इस दौरान पॉलीथिन के विरुद्ध चल रहे निगम के अभियान की जानकारी भी दी। महापौर ने बताया कि दरबार साहिब ने अभियान में जुडऩे का हवाला देते हुए उन्हें मुलाकात के के लिए कहा था। दरबार साहिब ने महापौर को 25 लाख कपड़े के थैले उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। 

भावी पीढ़ी ने लिया प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प

पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के तहत मसूरी विधायक गणेश जोशी ने हाथीबड़कला स्थित राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। जिसके बाद उन्होंने छात्र व छात्राओं को सेवा के रूप में जूस और बिस्कुट वितरित किए।

विधायक ने कहा कि प्लास्टिक से बनी प्लेट, गिलास, कटोरी, चम्मच, कैरी-बैग एवं अन्य सामान का उपयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही परिवार के किसी सदस्य, मित्रों एवं पड़ोसियों को भी प्लास्टिक के ऐसे उत्पाद का उपयोग न करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जानकारी देनी चाहिए। विधायक ने कहा कि विश्वभर में ग्लोबल वार्मिंग की समस्या गहराती जा रही है। इस वजह से इसका सीधा असर जीव जंतुओं पर पडऩे लगा है। विधायक जोशी ने कहा कि विद्यालयों के माध्यम से इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ लेने वाले छात्र अन्य छात्रों को ये शपथ दिलाएंगे। 

कार्यक्रम के दौरान पार्षद भूपेंद्र कठैत, प्रधानाचार्य मंजू कौशिक, डीएस असवाल, मधु बिष्ट, अनीता पुरोहित, अलका बिजल्वाण, प्रमिला रावत, इंद्र चौधरी, रमेश कुमार, रवि सकलानी आदि मौजूद रहे।

छात्रों को बताए प्लास्टिक के दुष्प्रभाव

भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत रायपुर ब्लॉक के बेसिक स्कूल घंडोलगांव में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें: महापौर का दावा, दून को सबसे पहले प्लास्टिक मुक्त बनाएंगे Dehradun News

कार्यक्रम में मुख्य तकनीकी अधिकारी एसके शर्मा ने छात्रों को पॉलीथिन व प्लास्टिक से होने वाले दुष्परिणाम बताए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण के लिए एकल प्रयोग वाले प्लास्टिक से परहेज किया जाना जरूरी है। वहीं, जल विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एम मुर्गानंदम ने बच्चों को पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे। 

स्कूल परिसरों में चला स्वच्छता अभियान

स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी स्कूलों में गुरुवार को छात्रों को स्वच्छता की महत्ता बताई गई। वहीं छात्रों ने स्कूल परिसरों में सफाई अभियान चलाया। राजपुर रोड स्थित बालिका इंटर कालेज में एनसीसी और एनएसएस के छात्रों ने परिसर में प्लास्टिक का कूड़ा एकत्रित किया।

यह भी पढ़ें: नगर निगम ने दान में मांगी प्लास्टिक, मिली 40 किलो Dehradun News

प्रधानाचार्य प्रेमलता बौड़ाई ने कहा कि स्कूलों में दो अक्टूबर तक लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। उधर, बालिका इंटर कालेज कारगी में कविता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय माजरा में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

यह भी पढ़ें: प्लास्टिक कचरे पर 10 नामी कंपनियों को भेजा नोटिस, पढ़िए पूरी खबर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.