दिल्ली के श्रद्धालुओं के वाहन पर हाथी ने किया हमला, तीन लोगों भागकर बचाई जान
बैराज नीलकंठ मार्ग पर एक हाथी ने दिल्ली से नीलकंठ जा रहे श्रद्धालुओं की कार पर हमला कर दिया। बैराज उनाव वन विश्राम गृह से करीब दो किलोमीटर आगे लाल मिट ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। बैराज नीलकंठ मार्ग पर एक हाथी ने दिल्ली से नीलकंठ जा रहे श्रद्धालुओं की कार पर हमला कर दिया। इस घटना में कार सवार तीन व्यक्तियों ने भागकर अपनी जान बचाई। बैराज उनाव वन विश्राम गृह से करीब दो किलोमीटर आगे लाल मिट्टी नामक स्थान पर गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे एक हाथी ने श्रद्धालुओं की कार पर हमला कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी गोहरी धीर सिंह ने बताया कि दिल्ली से तीन श्रद्धालु करण, कुणाल चड्डा और नामित जैन नीलकंठ महादेव मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। लाल मिट्टी नामक स्थान पर एक हाथी सड़क पार कर रहा था। इस दौरान फायर ब्रिगेड का एक वाहन हाथी के बगल से आगे निकल गया। इसे देखकर पीछे से आ रही दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार के चालक ने भी फायर ब्रिगेड के वाहन की तर्ज पर अपनी कार को आगे बढ़ा दी। इस बीच हाथी ने कार पर हमला कर दिया। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जिस दिशा में हाथी खड़ा था उसकी विपरीत दिशा के दरवाजे खोल कर तीनों श्रद्धालुओं ने मौके से दौड़ लगा दी।
कुछ दूरी तक हाथी भी उनके पीछे भागा। किसी तरह बचते हुए तीनों व्यक्ति बैराज की ओर दौड़े। वहां वन विभाग की चौकी में उन्होंने घटना की जानकारी दी। वन कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक हाथी जा चुका था। कार को वन कर्मी वन चौकी ले आए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।