यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहरादून फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से छात्रा की मौत; आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
देहरादून के शिमला बाईपास रोड पर फ्लाईओवर के पास एक बस ने स्कूटी सवार छात्रा को कुचल दिया जिससे उसकी ...और पढ़ें

HighLights
- शिमला बाईपास रोड से टर्नर रोड की तरफ जा रही थी छात्रा, फ्लाईओवर के निकट बस ने कुचला
- पुलिस ने आरोपित बस चालक को हिरासत में लिया, सहारनपुर से पढ़ाई करने के लिए आई थी दून
जागरण संवाददाता, देहरादून। शिमला बाईपास चौक स्थित फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार निजी बस ने बाबा फरीद इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी की छात्रा को कुचल दिया। छात्रा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक छात्रा की पहचान लाइबानो (21 वर्ष) निवासी मानकमऊ, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित चालक को हिरासत में लेकी बस को सीज कर दिया है। स्वजन की तहरीर पर आरोपित चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
.jpg)
सहारनपुर की रहने वाली लाइबानो कुछ समय पहले ही पढ़ने के लिए देहरादून आई थी। वह टर्नर रोड क्षेत्र में अपनी सहेली के साथ किराये के कमरे में रहती थी। सोमवार शाम करीब चार बजे वह शिमला बाईपास की तरफ से आ रही थी।
फ्लाईओवर से पहले ब्रेकर पर उसने स्कूटी की रफ्तार धीमी की तो पीछे से आ रहे चालक ने लाइबानो के ऊपर बस चढ़ा दी। लाइबानो स्कूटी सहित बस के नीचे आ गई। जिसके कारण उसके सिर व पेट में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद बस चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। जागरण
आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
घटना के बाद बुरी तरह से घायल लाइबानो को अस्पताल ले जाने के लिए वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आधे घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची।
आखिरकार वहां लोगों ने घायल को निजी वाहन से ही अस्पताल पहुंचाया, तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। बस के नीचे फंसी स्कूटी को भी बड़ी मशक्कत से बाहर निकालकर ई-रिक्शा से चौकी ले जाया गया। वहां खड़ी भीड़ ने बस चालक को भी पकड़ लिया।
घटना के बाद लग गया लंबा जाम

हादसे के बाद बस को पीछे धकेलने का प्रयास करते लोग। जागरण
दुर्घटना के बाद शिमला बाईपास से फ्लाईओवर के ऊपर तक जाम लग गया। बस मार्ग पर खड़ी होने के चलते वाहन आगे नहीं निकल पाए, वहीं मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। किसी तरह से पुलिस ने वहां खड़े लोगों को हटाकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हो पाई।
तीन दिन पहले इसी क्षेत्र में पैदल जा रही महिला को ट्रक ने कुचला था
शिमला बाईपास चौक पर तीन दिन पहले महिला को ट्रक ने कुचल दिया था। जीएमएस रोड स्थित सुमननगर निवासी नजरीन (37 वर्ष) पैदल जा रही थी। इसी दौरान सेंट ज्यूड्स की तरफ जा रहे ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आने से नजरीन की मौत हो गई।
बताया गया कि यहां पर ट्रैफिक लाइट काफी समय से बंद पड़ी हुई है, जिसके कारण भारी वाहन तेजी से गुजरते हैं। इसी कारण यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें- एक्सीडेंट में घायल को अस्पताल पहुंचाया तो कहलाएंगे 'राहवीर', मिलेगा 25 हजार रुपये का पुरस्कार
