विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एक्‍सीडेंट में घायल को अस्‍पताल पहुंचाया तो कहलाएंगे 'राहवीर', मिलेगा 25 हजार रुपये का पुरस्कार

Published: Fri, 11 Jul 2025 06:49 PM (IST)

परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा सप्ताह में राहगीर नरेश पाल को सम्मानित किया। अधिकारियों ने राहगीर योजना के बारे में ...और पढ़ें

राहगीर योजना में सड़क सुरक्षा पुरस्कार। प्रतीकात्‍मक
राहगीर योजना में सड़क सुरक्षा पुरस्कार। प्रतीकात्‍मक

HighLights

  1. राहगीर नरेश पाल को मिला सड़क सुरक्षा पुरस्कार
  2. घायलों की मदद करने पर मिलेगा 25 हजार का इनाम
  3. छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों की दी गई जानकारी

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा सहायक निदेशक नरेश कुमार संघल ने कहा कि यदि मार्ग पर कोई व्यक्ति घायल मिले तो उसे तुरंत एंबुलेंस या निजी मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।

ऐसा करने पर मददगार व्यक्ति राहवीर कहलाएगा, जिसे परिवहन विभाग राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपये पुरस्कार राशि देगा। इस दौरान पहले राहवीर नरेश पाल को विभाग ने पुरस्कृत किया।

शुक्रवार को परिवहन विभाग के तत्वावधान में आयोजित सड़़क सुरक्षा सप्ताह-संवाद कार्यक्रम में परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा सहायक निदेशक एनके संघल ने कहा भारत में सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए नागरिकों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरुकता होनी अति आवश्यक है।

कहा कि केंद्र सरकार ने सड़क-दुर्घटना में घायल हुए लोगों के जीवन की रक्षा करने के लिए राहवीर योजना शुरू की है, जिसमें नागरिकों को घायलों को तुरंत चिकित्सालय पहुंचाने में मदद के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राहवीर से पुलिस व चिकित्सक अनावश्यक प्रश्न नहीं करेंगे।

मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त परिवहन सनत कुमार ने सड़क दुर्घटनाएं व जन हानि रोकने में जन जागरुकता पर विशेष बल दिया। इसके बाद संयुक्त आयुक्त परिवहन, आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला, आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी व एनके संघल ने संयुक्त रूप से राहवीर नरेश पाल को 21 हजार रुपये का चेक, हेलमेट व पुरस्कार प्रदान किया।

बताया कि पहले राहवीर योजना में 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तय थी, जिसे अब बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया है। भविष्य में राहवीर को बढ़ाई गई पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस अवसर पर एआरटीओ प्रशासन ऋषिकेश आरएस कटारिया, एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत, टीटीओ एके भारती, आरआइ प्रदीप रौथाण, वरिष्ठ लिपिक दीपक पांडेय आदि उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने चलाई पाठशाला

कार्यक्रम में एआरटीओ प्रशासन आरएस कटारिया, एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत व टीटीओ एके भारती ने स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए पाठशाला आयोजित की, जहां छात्र-छात्राओं को मोटर वाहन अधिनियम के प्राविधानों व सड़क सुरक्षा नियमों की अहम जानकारी दी गई।

साथ ही सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों से जुड़े कई सामान्य प्रश्न किए गए, जिनका सही जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष प्रोत्साहन दिया। एनडीएस स्कूल, डीएसबी, फुटहिल्स एकेडमी, केंद्रीय विद्यालय आइडीपीएल के 40 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

नरेश पाल क्यों चुने गए राहवीर?

विभाग के अनुसार, 8 जनवरी 2024 को चीला के समीप वन विभाग के इलेक्ट्रिक वाहन के ट्रायल के दौरान अचानक टायर फटने से दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें चार वन अधिकारी व एक महावत की मौत हो गई थी। 5 वन कर्मी खाई में गिरने से घायल हो गए थे। राहवीर नरेश पाल निवासी चीला बैराज ने मानवता का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला व घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी।