Uttarakhand lockdown का उल्लंघन करने पर पुलिस सख्त, 2112 पर मुकदमा; 9320 गिरफ्तार
विकासनगर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। वहीं 48 वाहनों के चालान काटने के साथ ही पांच वाहनों को सीज किया।
विकासनगर(देहरादून), जेएनएन। उत्तराखंड में लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में अबतक 2,112 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं, 9,320 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। बात विकासनगर कोतवाली पुलिस की करें तो पुलिस ने लॉकडाउन उल्लंघन मामले में एक शख्स को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही पछवादून में पुलिस ने लॉकडाउन और यातायात उल्लंघन में 48 वाहनों के चालान काटने के साथ ही पांच वाहनों को सीज किया। पुलिस क्षेत्रधिकारी भूपेंद्र धोनी ने नगर क्षेत्र में पुलिस के सहयोग के लिए तैनात एनसीसी कैडेट्स को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
लॉकडाउन को लंबा अरसा होने पर जागरूक लोग खुद ही घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं, लेकिन कुछ ऐसे हैं, जिन्हें बेवजह घूमने की आदत है। ऐसे ही एक युवक को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। पूरे क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कोतवाली के प्रभारी कोतवाल गिरीश नेगी, चौकी प्रभारी बाजार दीपक मैठाणी, दारोगा सनोज कुमार, हिमानी चौधरी आदि ने चेकिंग के दौरान 20 वाहनों के चालान काटे और एक वाहन को सीज किया।
नगर में जगह-जगह चेकिंग प्वाइंट पर तैनात एनसीसी कैडेट्स भी अपनी डयूटी पूरी मुश्तैदी से निभाते दिखे। सहसपुर थानाध्यक्ष एएसपी विशाखा अशोक के नेतृत्व में एसएसआइ रविंद्र नेगी और दारोगा पंकज कुमार आदि ने 18 वाहनों के चालान काटे और दो वाहन सीज किए। सेलाकुई थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा के नेतृत्व में दारोगा आलौक गौड़ ने 10 वाहनों के चालान काटे और दो वाहनों को सीज किया।
गर्भवती होने पर चला दुष्कर्म का पता, मुकदमा
कोतवाली अंतर्गत एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला छह माह बाद उस समय खुला, जब वह गर्भवती हो गई। स्वजनों ने कोतवाली में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन के दौरान निर्माण कार्य में जुटे ठेकेदार और श्रमिक गिरफ्तार
गुरुवार को कोतवाली में एक व्यक्ति ने तहरीर दी। आरोप लगाया कि शाकिर निवासी मेहूंवाला खालसा ने उसकी 17 वर्षीय पुत्री के साथ करीब छह माह पूर्व दुष्कर्म किया था। यह वाक्या किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपित की धमकी के कारण डरी सहमी पुत्री ने परिवार में किसी को भी घटना के बारे में कुछ नहीं बताया। दुष्कर्म से पुत्री के छह माह की गर्भवती होने की बात सामने आने पर पता चला। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित शाकिर के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक निधि डबराल के सुपुर्द की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।