Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Chardham Yatra 2025: अब केदारनाथ के साथ ही यमुनोत्री के लिए भी हेली सेवा, इस दिन से शुरू होगी बुकिंग

    Updated: Fri, 21 Mar 2025 04:52 PM (IST)

    Chardham Yatra 2025 चारधाम यात्रा 2025 में केदारनाथ धाम के साथ ही यमुनोत्री के लिए भी हेली सेवा शुरू होने जा रही है। यमुनोत्री में हेलीपैड चिह्नित किया गया है और डीजीसीए की टीम जल्द ही सुरक्षा मानकों की जांच के लिए दौरा करेगी। केदारनाथ के लिए हेली टिकटों की बुकिंग 2 अप्रैल से शुरू होने की उम्मीद है।

    Hero Image
    Chardham Yatra: केदारनाथ धाम के साथ ही यमुनोत्री के लिए भी हेली सेवा शुरू होने जा रही है। जागरण ग्राफि‍क्‍स

    राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। Chardham Yatra 2025: चारधाम यात्रा के दौरान इस वर्ष केदारनाथ के साथ ही यमुनोत्री के लिए भी हेली सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। यमुनोत्री में इसके लिए एक हेलीपैड चिह्नित किया गया है। डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) की एक टीम जल्द यहां का दौरा कर सुरक्षा मानकों की जांच करेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डीजीसीए की अनुमति मिलने पर यहां हेली सेवा शुरू कर दी जाएगी। इस वर्ष केदारनाथ के लिए दो अप्रैल से हेली टिकटों की बुकिंग शुरू होने की संभावना है। यमुनोत्री के लिए यदि डीजीसीए की अनुमति मिलती है तो वहां के लिए भी केदारनाथ के साथ ही हेली टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।

    यह भी पढ़ें- Chardham Yatra पर आने वाले पर्यटक वाहनों के लिए ये कार्ड जरूरी, वरना नहीं मिलेगी एंट्री

    यूकाडा करता है यात्री किराए का निर्धारण

    प्रदेश में चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (यूकाडा) के नियंत्रण में केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं संचालित होती हैं। इनके यात्री किराए का निर्धारण यूकाडा करता है। शेष अन्य धामों के लिए अभी चार्टर्ड हेलीकाप्टर के जरिये हेली सेवा उपलब्ध है। यह हेली सेवा काफी महंगी होती है। इसे देखते हुए यूकाडा ने अन्य धामों के लिए भी हेली सेवा शुरू करने की योजना बनाई।

    गत वर्ष बदरीनाथ से हेली सेवा शुरू की जानी थी लेकिन इसमें यात्रियों की रुचि नहीं दिखी। इस वर्ष यूकाडा ने यमुनोत्री के लिए हेली सेवा शुरू करने की योजना बनाई है। यमुनोत्री के लिए यात्रियों को पांच किमी की चढ़ाई चढऩी पड़ती है।

    ऐसे में बुजुर्ग व बीमार यात्रियों को यमुनोत्री धाम पहुंचने में काफी परेशानी होती है। इसे देखते हुए यूकाडा यहां के लिए भी हेली सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। यहां ट्रायल लैंडिंग की जा चुकी है। अब डीजीसीए की टीम यहां आकर सुरक्षा मानकों की जांच करेगी, इसके बाद यह सेवा शुरू की जाएगी।

    यूकाडा के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि जल्द ही डीजीसीए की टीम यमुनोत्री में बने हेलीपैड का निरीक्षण करने आएगी। स्वीकृति मिलने के बाद इन दोनों स्थानों पर हेली सेवा शुरू कर दी जाएगी।

    मसूरी हेली पैड का भी होगा निरीक्षण

    प्रदेश सरकार ने हाल ही में देहरादून से मसूरी के लिए हेली सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया। यद्यपि इसकी शुरुआत भी डीजीसीए की टीम के निरीक्षण के बाद होगी। ऐसे में अगले सप्ताह आने वाली टीम मसूरी हेलीपैड का भी निरीक्षण करेगी।

    यह भी पढ़ें- Dehradun Metro के इंतजार में बीते 8 साल, 80 करोड़ खर्च होने के बाद खाली हाथ; अब फीडर लाइन पर कसरत