विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 08, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देहरादून से गौचर और चिन्यालीसौड़ को हेली सेवा हुई शुरू Dehradun News

By Sunil NegiEdited By:
Published: Sat, 08 Feb 2020 04:57 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 08 Feb 2020 09:24 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को उड़ान योजना के अन्तर्गत सहस्त्रधारा हैलीपैड से गौचर एवं चिन्यालीसौड़ के लिए हैली सेवा का फ्लैग आफ कर शुभारम्भ किया।

देहरादून से गौचर और चिन्यालीसौड़ को हेली सेवा हुई शुरू Dehradun News
देहरादून से गौचर और चिन्यालीसौड़ को हेली सेवा हुई शुरू Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। उड़ान योजना के अंतर्गत उत्तराखंड को नए पंख लगे हैं। शनिवार को देहरादून से गौचर व चिन्यालीसौड़ के लिए हेली सेवा शुरू हो गई। दोनों ही रूटों पर रोजाना दो-दो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

सुबह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सहस्रधारा हेलीपैड से फ्लैग ऑफ कर इन सेवाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को इन सेवाओं से खासा लाभ मिलेगा। आपात स्थिति में भी आवागमन आसान होगा और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। राज्य सरकार का प्रयास है कि जिला मुख्यालयों को भी हेली सेवाओं से जोड़ा जाए। ताकि अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई सेवा को विस्तार देने की जरूरत है। अभी 20 सीटर ही हवाई जहाज की सेवा उपलब्ध है, इसे बढ़ाने की जरूरत महसूस हो रही है। कुछ बड़ी कंपनियों से बात की जा रही हैं। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मसूरी क्षेत्र के विधायक गणेश जोशी, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, भारत सरकार के सचिव प्रदीप सिंह खरोला, पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, मुन्नी देवी, सुरेंद्र सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे।

ये रहेगा शिड्यूल

  • सहस्रधारा से गौचर, सुबह नौ बजे
  • गौचर से सहस्रधारा, सुबह 10 बजे
  • सहस्रधारा से गौचर, 11 बजे
  • गौचर से सहस्रधारा 12 बजे
  • सहस्रधारा से चिन्यालीसौड़, दोहपर एक बजे
  • चिन्यालीसौड़ से सहस्रधारा, दोपहर 1.45
  • सहस्रधारा से चिन्यालीसौड़, दोपहर 2.30
  • चिन्यालीसौड़ से सहस्रधारा, अपराह्न 03.15

प्रति यात्री किराया

  • सहस्रधारा-गौचर (प्रति चक्कर) 4120 रुपये
  • सहस्रधारा-चिन्यालीसौड़ (प्रति चक्कर) 3320 रुपये 

 पहले दिन 27 यात्रियों ने किया हेलीकॉप्टर का सफर

उड़ान योजना के तहत शुरू की गई हेलीकॉप्टर सेवाओं को लेकर लोगों में अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है। कई घंटों का सफर कुछ मिनटों में पूरा होने के चलते सेवा प्रदाता कंपनी हेरिटेज एविएशन के पास बड़ी संख्या में लोगों के सवाल आ रहे हैं और ऑनलाइन बुकिंग के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। यही वजह है कि देहरादून से गौचर व चिन्यालीसौड़ के लिए सेवा शुरू होने के पहले ही दिन 27 यात्रियों ने सफर का लाभ उठाया।

हेरिटेज एविएशन के सहस्रधारा हेलीपैड के स्टेशन मैनेजर विक्रम सिंह ने बताया कि सहस्रधारा से गौचर आने-जाने वाले लोगों की संख्या 10 रही। वहीं, इससे अधिक संख्या चिन्यालीसौड़ हवाई मार्ग पर रही। इस मार्ग पर 17 लोगों ने आवागमन किया। स्टेशन मैनेजर के मुताबिक उनके पास बड़ी संख्या में एडवांस बुकिंग आ रही है। एडवांस बुकिंग के लिए सभी तरह के ऑनलाइन पेमेंट की सुविधाएं दी गई हैं।

पहले दिन यात्रियों की स्थिति

  • सहस्रधारा से चिन्यालीसौड़ गए, 09 यात्री
  • चिन्यालीसौड़ से सहस्रधारा हैलीपैड आए, 08 यात्री
  • सहस्रधारा से गौचर गए, 06 यात्री
  • गौचर से सहस्रधारा हैलीपैड आए, 04 यात्री

यहां से कराएं ऑनलाइन बुकिंग

  • www.airheritage.in
  • www.heliservices.uk.gov.in

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: हवाई सेवाओं पर पड़ा मौसम का असर, फिर शुरू हो सकता है बर्फबारी का दौर

कार बुक कर जाने से सस्ती है हैली सेवा

यदि आप कार बुक करके गौचर या चिन्यालीसौड़ के लिए रुख करते हैं तो यह हेलीकॉप्टर सेवा के मुकाबले अधिक थकाऊ व खर्चीला होगा। यदि आप अकेले हैं और कार से गौचर का सफर तय करते हैं तो कई घंटों की यात्रा के साथ आपको 4178 रुपये के आसपास रुपये अदा करने पड़ेंगे। इसी तरह हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से आधा घंटे से भी कम अंतराल में आप 4120 रुपये खर्च करके आराम से गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। अगर आपको दून से चिन्यालीसौड़ के लिए यात्रा करनी है तो कार की बुकिंग 24 सौ रुपये से 27 सौ रुपये के बीच बैठेगी, जबकि हैलीकॉप्टर से यात्रा करने पर आपको 3320 रुपये चुकाने होंगे। यह राशि लंबे व थकाऊ सफर के मुकाबले कुछ भी नहीं है। आज की भागदौड़भरी जिंदगी में समय बचाने के लिए हेलीकॉप्टर की यह सेवा मुफीद मानी जा रही है। 

यह भी पढ़ें: चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर वायुसेना के विमानों ने की सफल लैंडिंग