विश्व के सबसे बड़े श्री यंत्र की स्थापना, वजन जानकर चौंक जाएंगे आप
विश्व प्रसिद्ध कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास कनरा डोल में विश्व के सबसे बड़े श्रीयंत्र की स्थापना कर दी गर्इ है।
अल्मोड़ा, [जेएनएन]: श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम(डोल आश्रम) में विश्व के सबसे बड़े डेढ़ टन वजनी श्रीयंत्र की प्राण प्रतिष्ठा की गई। राज्यपाल केके पॉल व उनकी पत्नी ओमिता पाल ने श्रीयंत्र स्थापना व आरती में भाग लिया। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि डोल आश्रम को पांचवें धाम के रूप में मान्यता दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
राज्यपाल डॉ. केके पाल ने कहा कि श्रीयंत्र की स्थापना से विश्व बंधुत्व की कामना व वैदिक रीतियों के प्रचार-प्रसार से इस क्षेत्र की ख्याति बढ़ेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य व सनातन पद्धति को आगे बढ़ाने में आश्रम के पुनीत कार्यों का लाभ आम जनमानस को मिल सकेगा। डोल आश्रम के संस्थापक बाबा कल्याणदास महाराज ने दावा किया कि आश्रम में स्थापित किया गया डेढ़ टन वजन का श्रीयंत्र विश्व का सबसे बड़ा श्रीयंत्र है।
यह श्रीयंत्र जबलपुर व अमरकंटक में पहले भी स्थापित किया गया है। उनका कहना था कि जिस देशांतर रेखा पर यह आश्रम स्थित है। वह मानवता व विश्व की शांति के लिए बहुत ही कल्याणकारी सिद्ध होगा। साधन व साध्य जीवन के मूलमंत्र हैं। यहां पर मानव कल्याण के लिए सभी वर्गों व धर्मों को लेकर काम किया जा रहा है। सनातन धर्म का मूलमंत्र भी यही है। सर्वभवंतु सुखिन:, सर्वे संतु निरामया अर्थात सभी के सुख की कामना करने के लिए ही वैदिक व सनातन धर्म है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।