बनारस रेल मंडल में Holi पर महाकुंभ जैसी व्यवस्था, प्लेटफार्म पर यात्रियों को आने-जाने में होगी आसानी
Varanasi Railway Division बनारस रेल मंडल में होली पर महाकुंभ जैसी व्यवस्था की गई है। बगैर टिकट यात्री प्लेटफार्म पर नहीं जा पाएंगे और जनरल टिकट वाले ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस रेल मंडल के डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बड़े स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कुंभ जैसी तैयारी की है। बगैर टिकट यात्री प्लेटफार्म पर नहीं जा पाएंगे, जबकि जनरल टिकट वाले यात्रियों को यात्री आश्रय में रोकने के बाद उनकी भीड़ को नियंत्रित करके ट्रेन तक लाया जाएगा।
प्लेटफार्म पर भीड़ के कारण भगदड़ की स्थिति रोकने के लिए रेल प्रशासन ने नई कवायद की है। प्रथम श्रेणी के अधिकारी रेल मंडल मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम से 14 मार्च से 18 मार्च तक व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
इन स्टेशनों पर रहेगी विशेष निगरानी
बनारस रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों में छपरा, सिवान, देवरिया सदर, बलिया, मऊ, बनारस रेलवे स्टेशन पर होली पर्व पर ज्यादा भीड़ होती है। इसके दृष्टिगत इन स्टेशनों पर अलग-अलग कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। ड्यूटी के लिए अधिकारी नामित हैं, जिससे किसी तरह की समस्या उत्पन्न न होने पाए।
इसे भी पढ़ें- UP Bypass Road: आजमगढ़ से प्रयागराज तक बनेंगे चार नए बाइपास, पांच नेशनल हाईवे होंगे कनेक्ट
.jpg)
बनारस रेल मंडल होली पर कर रहा खास व्यवस्था। जागरण
इन निर्देशों का सख्ती से किया जाएगा पालन
- छपरा, सिवान, देवरिया सदर, बलिया, मऊ, बनारस स्टेशन पर वाणिज्य विभाग का हेल्पडेस्क होगा।
- हेल्पडेस्क से स्पेशल ट्रेनों के बारे में सूचनाएं दी जाएंगी।
- मेगाफोन से स्टेशनों पर जरूरी सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी।
- सहयोग काउंटर पर विशेष गाड़ियों की सूची प्रदर्शित होगी।
- ट्रेनों का आवागमन निर्धारित प्लेटफार्म से ही होगा।
- विपरीत परिस्थिति में प्लेटफार्म बदले जाने पर ट्रेन को पर्याप्त ठहराव दिया जाएगा।
- छपरा, सीवान, बलिया एवं गाजीपुर सिटी स्टेशन में अधिकािधिक अनारक्षित टिकट/आरक्षण काउंटर निरंतर कार्य करेगे।
- प्रमुख स्टेशनों पर लगे सभी रेलवे, बीएसएनएल.फोन एवं विभागीय उपकरण, सीसीटीवी, ट्रेन डिसप्ले सिस्टम, कोच इंडिकेशन/गाइडेंस बोर्ड, घड़ी एवं पीए सिस्टम क्रियाशील रहेंगे।
- यात्रियों की सुरक्षा को पर्याप्त फोर्स उपलब्ध रहेगी।
- प्रथम उपचार बाक्स की उपलब्धता स्टेशनों पर रहेगी।
- रेलवे के चिकित्सालय भी अलर्ट मोड में रहेंगे।
होली पर दिन में गंगा में नहीं चलेंगी नावें
होली पर दिन में गंगा में नावों का संचालन बंद रहेगा। शाम को चार बजे के बाद नावों को चलाने की अनुमति दी जाएगी। होली व मसाने की होली पर सुरक्षा को लेकर नाविकों की संग हुई बैठक में यह निर्देश जल पुलिस ने नाविकों को दिया। इसके साथ ही नौका संचालन के दौरान नियमों का पालन करने के लिए कहा गया।
.jpg)
होली पर नहीं चलेगी नाव। जागरण
एसीपी जल पुलिस शुभम कुमार सिंह के अनुसार होली पर दिन में रंग खेलने के बाद बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए गंगा में सुरक्षा का इंतजाम किया जा रहा है। स्नान करने वालों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग की जा रही है। होली के दिन घाटों पर पीएसी व जल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। किसी को भी बैरिकेडिंग के आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें- BHU के रिसर्चर ने बनाया गजब का क्लीनर, सिर्फ एक बार छिड़कने से महीने भर तक मिलेगी बैक्टीरिया-वायरस और फंगस से मुक्ति
वहीं सुरक्षा को देखते हुए दिन में नौका संचालन पर रोक लगाई गई है। नाविकों को शाम चार बजे से नाव चलाने की अनुमति रहेगी। वहीं आरती समाप्त होने पर नावों का संचालन बंद हो जाएगा। मणिकर्णिका घाट पर मंगलवार को होने वाली मसाने की होली के मद्देनजर सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक राजेन्द्र प्रसाद घाट से गणेश घाट तक नाविक कोई भी सवारी नहीं उतारेंगे।
नाव संचालन के समय कोई भी नाविक मोबाइल का प्रयोग न करें। सभी नाव पर चालक के साथ सहचालक का होना अनिवार्य है। वह अपने साथ सीटी भी रखेंगे। एसीपी ने नाविकों को निर्देश दिया कि बोट के इंजन को दुरुस्त रखें। नाव पर क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, नाबालिग से नौका संचालन न कराएं। नाव पर यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाना जरूरी है। नशे की हालत में नाव चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही होगी। नावों पर डीजे नहीं बजेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।