सोनभद्र ही एक ऐसा जिला है जो स्विट्जरलैंड बन सकता है, सीएम योगी ने कहा- यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र जिले में फ्लोटिंग सोलर पावर के माध्यम से ग्रीन एनर्जी पैदा करने की घोषणा की है जिससे जिला स्विट्जरलैंड बन सकता है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र जिला उत्तर प्रदेश के उर्जा की राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने 698 करोड़ रुपये की 129 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोनभद्र में फ्लोटिंग सोलर पावर के माध्यम से ग्रीन एनर्जी पैदा की जाएगी। महज सोनभद्र ही एक ऐसा जिला है जो स्विट्जरलैंड बन सकता है।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के प्राचीन परंपरा को समेटे जीवाश्म पार्क, गुफा चित्र व प्राकृतिक संसाधनों के साथ सांस्कृतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण जिला है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट में एक लाख 97 हजार करोड़ रुपये के निवेश जनपद को प्रस्ताव प्राप्त हुए। अगर यह जमीन पर आएं तो यहां के 40 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
स्विट्जरलैंड बनने का सामर्थ्य अकेले सोनभद्र में है: सीएम
मुख्यमंत्री गुरुवार को राबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित डायट परिसर में विधायक खेल महाकुंभ के समापन अवसर पर खिलाड़ियों को सम्मानित व 698 करोड़ रुपये की 129 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
दोपहर 2.32 पर मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आध्यात्मिक व भौगोलिक दृष्टि से जनपद की बनावट काफी महत्वपूर्ण है। भारत के अंदर स्विट्जरलैंड बनने का सामर्थ्य अकेले सोनभद्र में है।
उत्तर प्रदेश के उर्जा की राजधानी है सोनभद्र जिला
सोनभद्र प्रदेश को 12 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन कर देता है। इसीलिए हम इसे उत्तर प्रदेश के उर्जा की राजधानी के रूप में देखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से भारत के सर्वांगीण विकास की बात होती है। भारत विकास तब करेगा जब उत्तर प्रदेश नित नए प्रतिमान के साथ विकास करेगा।
कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ रोजगार और खेलकूद की गतिविधियों को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएं। कहा कि विरासत को संरक्षित करते हुए 500 वर्ष बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण का भव्य स्वरूप सामने आया है। सभी को दर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
विधायक खेल महाकुंभ प्रदेश में कराऊंगा लागू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक खेल महाकुंभ को शानदार आयोजन बताया। कहा कि मुझे बताया गया कि इस आयोजन में 11 हजार विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने भाग लिया है। यह केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं में से एक है। निश्चित रूप से इस प्रयास को पूरे प्रदेश में लागू कराया जाएगा, ताकि चार लाख खिलाड़ियों का पुल तैयार किया जाए।
129 परियोजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण
उरमौरा स्थित डायट परिसर में विधायक खेल महाकुंभ समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 129 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 698 करोड़ रुपये है। इसमें 68 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया जिनकी लागत लागत 356 करोड़ 69 लाख है। इसके अलावा 61 परियोजनाओं का शिलान्यास जिनकी लागत 341 करोड़ 45 लाख रुपये है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।