देहरादून में बादल फटने से आई आपदा का असर सहारनपुर तक, यमुना में बहकर आए महिला व युवक के शव
Saharanpur News उत्तराखंड के आई आपदा का असर सहारनपुर में देखने को मिला। बेहट क्षेत्र में यमुना नदी से दो शव बरामद हुए। उक्त लोग मजदूर परिवारों से थे। हादसे के बाद देहरादून के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के एक रपटे पर तेज बहाव में बह गए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जागरण संवाददाता, बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव अकबरपुर बांस में यमुना नदी के घाट पर दो शव बरामद हुए हैं। इनमें से एक युवक की पहचान हो गई है, जबकि महिला के शव की पहचान को लेकर संशय बना है। ये शव मजदूर परिवारों के हैं, जो बादल फटने के बाद देहरादून के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के एक रपटे पर तेज बहाव में बह गए थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि अन्य लापता हैं।
मंगलवार की तड़के देहरादून में बादल फटने से आई आपदा का असर यमुना नदी में मिर्जापुर क्षेत्र तक देखा गया। मंगलवार की देर शाम एक महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पहचान कराने के साथ ही शव के फोटो उत्तराखंड के विभिन्न थानों में भेज दिए। बुधवार की सुबह इसी घाट से एक युवक का शव भी बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी पहचान कराने का प्रयास किया।
हथिनीकुंड चौकी इंचार्ज ललित तोमर ने बताया कि देहरादून के विकास नगर थाने में महिला के शव की पहचान मुरादाबाद निवासी सुंदरी के रूप में की गई। हालांकि अभी महिला की सही पहचान को लेकर संशय बना है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
मृतक युवक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि यह उसका भाई मोनू है, जो फिरोजपुर थाना गढ़ी, जिला संभल का निवासी है। अशोक और उसके पिता राजेंद्र भी अपने अन्य स्वजन के साथ पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- सहस्त्रधारा में बादल फटा और भाई आंखों के सामने डूब गया... मैं भी हिम्मत हार चुका था, घायल गुड्डू ने बयां किया दर्द
चौकी इंचार्ज ने बताया कि ये लोग मुरादाबाद और संभल से मजदूरी के लिए परिवार सहित देहरादून के थाना प्रेम नगर क्षेत्र में मसंदा वाला में रहते थे। मंगलवार की सुबह जब ये लोग मजदूरी के लिए घर से निकले थे, तब चारों ओर पानी ही पानी था। ये लोग रपटे पर पानी की तेज धार में बह गए। इस घटना में तीन-चार लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि दो शव बरामद हुए हैं और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।