Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिला अस्पताल में सर्जरी कराने के बाद महिला के पेट में उठा दर्द, जांच रिपोर्ट देखकर हैरान रह गए परिवारवाले

    Updated: Sun, 15 Dec 2024 02:10 PM (IST)

    सर्जरी के दौरान एक महिला के पेट में तौलिया छूट गया जिससे उसकी आंत फट गई। प्रसूता ने कुछ दिन पहले ही एक बच्ची को जन्म दिया था। पेट में दर्द होने पर जांच कराने पर तौलिया होने का पता चला। प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन के बाद तौलिया निकाला गया लेकिन महिला की आंत फट गई। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

    Hero Image
    Saharanpur News: अस्पताल में भर्ती पीड़ित महिला।

    जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल में सर्जरी के दौरान चिकित्सक ने प्रसूता के पेट में तौलिया छोड़ दिया। सिजेरियन महिला ने बेटी को जन्म दिया था। कुछ दिन महिला के पेट में दर्द होने पर जांच कराई तो पेट में तौलिया होने का पता चला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    12 दिसंबर को प्राइवेट हॉस्पिटल में आपरेशन के बाद तौलिया (गोज पीस) निकाला गया, लेकिन महिला की आंत फट गई। गंभीर हालत में महिला को अब मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सीएमओ ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दो दिन में रिपोर्ट मांगी है।

    सढौली पिलखनी निवासी करिश्मा पत्नी सूरज को प्रसव पीड़ा के चलते ससुरालियों ने 25 नवंबर को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां सर्जरी के बाद करिश्मा ने बेटी को जन्म दिया, लेकिन चिकित्सक की लापरवाही के चलते प्रसूता के पेट में तौलिया रह गया।

    करिश्मा को पेट में हुआ दर्द

    करीब चार-पांच दिन पहले करिश्मा को पेट में दर्द हुआ। ससुरालिए उसे लेकर महिला अस्पताल में पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे इंजेक्शन लगा दिया। महिला ने बताया कि इंजेक्शन लगाते ही उसका पेट फूलने लगा तथा दर्द तेज हो गया। इसके बाद चिकित्सकों ने बिना कुछ बताए ही प्रसूता को मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।

    आर्थिक तंगी के कारण किया मना

    बराड़ा में बताया था 70 हजार का खर्चा तो ले आए मेडिकल कॉलेज महिला ने बताया कि मायके वाले भी जिला अस्पताल में आ गए। उसके भाई ने हरियाणा के अंबाला जिला स्थित बराड़ा में हॉस्पिटल में ले जाने की बात कही, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते करिश्मा ने मना कर दिया। मायका पक्ष के लोग उसे जबरन बराड़ा ले गए। वहां पर जांच में करीब सात हजार रुपये खर्च हो गए। जांच में पेट में तौलिया होने की बात पता चली। वहां पर ऑपरेशन के लिए करीब 70 हजार रुपये खर्चा बताया गया। महिला ने वहां पर आपरेशन करने से मना कर दिया।

    हायर सेंटर किया रेफर

    महिला अपने ससुरालियों के साथ सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज आ गई। प्राइवेट हास्पिटल में कराना पड़ा आपरेशन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते करिश्मा को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद स्वजन और मायके पक्ष के दबाव में सूरज पत्नी को दिल्ली रोड स्थित वीब्रोस हॉस्पिटल में लेकर पहुंचा। वहां ऑपरेशन कर करिश्मा के पेट से तौलिया निकाला गया, लेकिन मवाद पड़ने की वजह से महिला की आंत फट गई। लेकिन गरीब होने की वजह से उनके पास पैसे नहीं थे। हॉस्पिटल स्टाफ ने उन्हें बंधक बना लिया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और स्वजन महिला को ऋषिकेश स्थित एम्स में ले गए। शनिवार को स्वजन महिला को फिर से सहारनपुर मेडिकल कालेज ले आए। यहां उसका उपचार चल रहा है।

    सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में महिला का उपचार कराया जा रहा है। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। जिला महिला अस्पताल में आपरेशन के दौरान लापरवाही बरतने की जांच कराई जाएगी। एसीएमओ डॉक्टर राकेश चंद्रा के निर्देशन में टीम गठित कर दो दिन में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। -डॉक्टर प्रवीण कुमार, सीएमओ  

    ये भी पढ़ेंः महज 29 सेकेंड में इंसास रायफल खाेलकर जोड़ी तो SSP ने थपथपाई पीठ! लापरवाही पर अनुराग आर्य ने दो सिपाही किए सस्पेंड

    ये भी पढ़ेंः स्कूलों में दूध व फल की हकीकत जानने निकले BSA का हुआ सच से सामनाा, 6 प्रधानाध्यापक समेत 10 से मांगा स्पष्टीकरण

    comedy show banner