Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बसपा नेता ने सपा विधायक की बेटी से कर दी बेटे की शादी, नाराज हुईं मायावती; दिग्गज नेता को दिखाया बाहर का रास्ता

    Updated: Thu, 05 Dec 2024 02:44 PM (IST)

    UP Polics बहुजन समाज पार्टी नेता सुरेंद्र सागर को उनके बेटे की शादी समाजवादी पार्टी के विधायक की बेटी से करने के कारण पार्टी से निकाल दिया गया है। मायावती ने इस शादी को पार्टी विरोधी गतिविधि माना है। सुरेंद्र सागर का कहना है कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है और हमेशा पार्टी को मजबूत करने का काम किया है।

    Hero Image
    बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती (फाइल फोटो)

    जागरण संवाददाता, रामपुर। बसपा हाईकमान ने जिले के संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। प्रमोद सागर को जिलाध्यक्ष के पद से हटाने के साथ ही पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पांच बार जिलाध्यक्ष और दर्जा राज्य मंत्री रहे सुरेंद्र सागर को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने अपने बेटे की शादी सपा विधायक की बेटी से की है, इसीलिए उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया है। जिला प्रभारी रहे ज्ञान प्रकाश बौद्ध को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अब तक प्रमोद सागर जिलाध्यक्ष थे। उन्हें पार्टी ने एक या दो बार नहीं, बल्कि तीन बार जिलाध्यक्ष बनाया। पद से हटने के बाद उन्होंने नए जिलाध्यक्ष को बधाई भी दी, लेकिन इसके कुछ देर बाद उनके निष्कासन की घोषणा कर दी गई।

    नए जिलाध्यक्ष ने पार्टी हाईकमान के निर्देश पर उन्हें निष्कासित किया है। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के साथ ही अनुशासनहीनता का आरोप लगा है। कहना है कि बहनजी का आदेश सर्वोपरि है। नए जिलाध्यक्ष ने सुरेंद्र सागर को भी पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की है। सुरेंद्र सागर बसपा के दिग्गज नेताओं में शुमार हैं। वह कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। पांच बार जिलाध्यक्ष भी बने। 2022 में मिलक विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रहे। वह दर्जा राज्य मंत्री भी रहे।

    क्यों निकाला गया पार्टी से?

    आखिर इन्हें पार्टी से क्यों निकाला गया, इस बारे में उनका कहना है कि हमने कोई अनुशासनहीनता नहीं की है और न ही पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। हमेशा पार्टी को मजबूत बनाने का काम किया है। हमारा कसूर सिर्फ इतना है कि हमने अपने बड़े बेटे अंकुर सागर की शादी समाजवादी पार्टी के आंबेडकर नगर के सपा विधायक त्रिभुवन दत्त की बेटी से की है। वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भी हैं और सांसद भी रहे हैं।

    मंगलवार की रात ही हमारे बेटे का रिशेप्शन था, जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भी शामिल हुए थे। चार नेता बने जिला प्रभारी बसपा जिलाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश बौद्ध ने बताया कि जिले में चार जिला प्रभारी बनाए गए हैं। इनमें महेंद्र सिंह सागर, नवनीत यदुवंशी, ईश्वरी लाल प्रजापति और राजकुमार सागर शामिल हैं।

    इसे भी पढ़ें: रामपथ के अलावा भक्तिपथ-धर्मपथ भी; अयोध्या में मार्गों को मिल रहे नए नाम, 74 गलियों का होगा पुनरुद्वार

    इसे भी पढ़ें: गोरखपुर वासियों के लिए खुशखबरी, गोरखनाथ के रास्ते महेसरा से नौकाविहार तक चलेंगी दो इलेक्ट्रिक बसें