गोरखपुर वासियों के लिए खुशखबरी, गोरखनाथ के रास्ते महेसरा से नौकाविहार तक चलेंगी दो इलेक्ट्रिक बसें
गोरखपुर वासियों के लिए खुशखबरी! अब गोरखनाथ धर्मशाला और रोडवेज स्टेशन के रास्ते महेसरा (महुआतर) से नौकाविहार तक दो सुविधा संपन्न एसी इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। छात्रसंघ चौराहा होते हुए कैंपियरगंज- महेसरा रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें भी अब नौकाविहार तक जाएंगी। बसों का संचालन एक सप्ताह के अंदर शुरू हो जाएगा। बेड़े में और 25 नई बसें शामिल करने की तैयारी चल रही है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रामगढ़ ताल स्थित नौका विहार की सैर करने व लाइट शो देखने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आमजन की सुविधा के लिए गोरखनाथ, धर्मशाला और रोडवेज स्टेशन के रास्ते महेसरा (महुआतर) से नौकाविहार तक सुविधा संपन्न दो एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। छात्रसंघ चौराहा होते हुए कैंपियरगंज- महेसरा रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें भी अब नौकाविहार तक चलाई जाएंगी।
एक सप्ताह के अंदर नौकाविहार तक बसों का संचालन आरंभ हो जाएगा। महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। रूट और किराया लगभग तय कर लिया गया है। समिति के पदाधिकारियों की मुहर लगते ही बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
रामगढ़ताल के प्रति लोगों का रुझाने बढ़ने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने इलेक्ट्रिक बसों का संचालन नौकाविहार तक करने का निर्णय लिया है। जानकारों के अनुसार महेसरा डिपो से शाम छह बजे के आसपास 20 मिनट के अंतराल से नौकाविहार के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। बसें गोरखनाथ, धर्मशाला, रोडवेज स्टेशन, छात्रसंघ चौराहा होते हुए नौकाविहार पहुंचेंगी।
इसे भी पढ़ें-कानपुर में 4 दिसंबर को टूटा 52 साल का रिकॉर्ड, सर्वाधिक गर्म रहा दिन, पढ़िए IMD का ताजा अपडेट
यह बसें नौकाविहार पर लाइट शो देखने वाले लोगों के लिए चलाई जाएंगी। लाइट शो की समाप्ति पर बसें महेसरा के लिए वापस हो जाएंगी। महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने नौकाविहार तक के लिए संभावित किराया भी निर्धारित कर दिया है। गोरखनाथ और धर्मशाला से लगभग 20 रुपये, रोडवेज स्टेशन से 15 रुपये, छात्रसंघ चौराहा और पैडलेगंज चौराहा से दस रुपये किराया लगेगा।
महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने शाम के समय ही नहीं दिन में भी नौकाविहार तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करने की योजना बनाई है। छात्रसंघ चौराहा के रास्ते महेसरा से कैंपियरगंज तक चलने वाली दो इलेक्ट्रिक बसों को नौकाविहार तक मार्ग विस्तार का निर्णय लिया है। अब यह बसें भी छात्रसंघ से होते हुए नौकाविहार तक चलाई जाएंगी।
गोरखपुर में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा - जागरण
दरअसल, रामगढ़ताल की भव्यता बढ़ती जा रही है। महानगर के अधिकतर लोग साधन के अभाव में चाहकर भी रामगढ़ताल नहीं पहुंच पाते। अब यह इलेक्ट्रिक बसें लोगों का महानगर में आवागमन आसान करने के साथ कम किराये पर नौकाविहार की सैर कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। महानगर के विभिन्न रूटों पर 25 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। प्रत्येक दिन करीब 12 हजार लोग इन बसों से यात्रा करते हैं। 100 बसों को चलाने की योजना है। बेड़े में और 25 नई बसें शामिल करने की तैयारी चल रही है।
पिपराइच और सिकरीगंज के बीच चलेंगी दो बसें
कालीमंदिर होते हुए पिपराइच और सिकरीगंज के बीच अब दो इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। लोगों के बढ़ते रुझान को देखते हुए दोनों रूटों पर सुबह के समय बसें चलेंगी। महेसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो के सीनियर स्टेशन इंचार्ज किशन जायसवाल बताते हैं कि इलेक्ट्रिक बसों की तरफ सिकरीगंज और पिपराइच क्षेत्र के लोगों का रुझान बढ़ा है।
आमजन की मांग और लोगों की सहूलियत को देखते हुए इन दोनों रूटों पर एक-एक और बस चलाने का फैसला किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का महानगर में आवागमन और आसान होगा। सीनियर स्टेशन इंचार्ज के अनुसार कालीमंदिर से भटहट के बीच चलने वाली इलेक्ट्रिक बस के रूट में कटौती की गई है। अब यह बस महेसरा, कालीमंदिर होते हुए झुगिया तक चलाई जाएगी।
इसे भी पढ़ें-यूपी में मंदिर-मस्जिदों पर फिर सख्ती, CM सिटी में चलाया गया अवैध लाउडस्पीकर उतारने का विशेष अभियान
दस रुपये हो गया है इलेक्ट्रिक बसों का न्यूनतम किराया
सीनियर स्टेशन इंचार्ज के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों का किराया भी कम कर दिया गया है। अब न्यूनतम किराया दस रुपये हो गया है। अधिकतम तीन किमी तक 12 की जगह दस रुपये, तीन से छह किमी तक 20 की जगह 15 रुपये तथा छह से दस किमी तक 25 की जगह 20 रुपये किराया लग रहा है। यात्रियों को अधिकतम दस किमी तक की यात्रा करने पर 20 रुपये ही देने पड़ रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।