'जो लोग योगी के DNA की बात कर रहे, उनकी नीयत में खोट', नकवी बोले-आईएनडीआईए में चल रही कुश्ती; अराजकता हावी
Rampur News यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डीएनए पर विपक्ष के नेताओं की टिप्पणी पर बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षियों की नीयत में खोट है और वे योगी के डीएनए को नहीं समझ सकते। नकवी ने कहा कि योगी का डीएनए दंगाइयों और बलवाइयों की कुटाई और समाज की सुरक्षा और भलाई है।
जागरण संवाददाता, रामपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर तीखा वार करते हुए कहा कि आईएनडीआईए में कुश्ती चल रही है। उसमें अराजकता हावी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डीएनए की बात करने वाले विपक्षी नेताओं को कठघरे में खड़ा किया।
मुख्तार अब्बास बोले, उनकी नीयत में खोट है। योगी का डीएनए तो दंगाइयों की ठुकाई, बलवाइयों की कुटाई और समाज की सुरक्षा और भलाई है। जो लोग बाहुबलियों और दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई पर रोते हैं, वे इस डीएनए को कभी नहीं समझ सकते। योगी जी ने हमेशा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम किया है। जबसे उत्तर प्रदेश में योगी सरकार बनी है। तब से कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। दंगों पर रोक लगी है, लेकिन कुछ ताकतें सांप्रदायिक फसाद में सियासी मफाद तलाश रही हैं। देश में सामाजिक सदभाव की ताकत से मजबूती लाना वक्त की जरूरत है।
जनता सिखाएगी सबक
विदेश आक्रमणकारियों की क्रूर करतूत के कलंक को वर्तमान पीढ़ी की सुरक्षा, समुद्धि, सौहार्द का कंटक संकट नहीं बनने देना है। आजादी के अमृतकाल से सदभाव का अमृत निकालना चाहिए, सांप्रदायिकता का विष नहीं। सपा पर हमलावर होते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी सुल्तानों और सांप्रदायिक चैंपियनों को बाहर कर दिया जाएगा। जनता उन्हें सबक सिखाएगी।
विपक्ष में रहकर नो बाल फेंकने का रिकॉर्ड बना रही कांग्रेस
नकवी ने कांग्रेस के बारे में कहा वह सत्ता में रहते हिट विकेट होती थी, अब विपक्ष में रहकर नो बाल फेंकने का रिकॉर्ड बना रही है। रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए नकवी ने बांग्लादेश के हालात के बारे में कहा कि वहां हिंदुओं पर जुल्म की पराकष्ठा हो गई है। कुछ कठमुल्लाओं ने देश को कैद कर लिया है, जो उसे आतंकवाद के रास्ते पर ले जाना चाहते हैं। हिंदुस्तान में भी कुछ सांप्रदायिक ताकतें माहौल खराब करना चाहती हैं, लेकिन भाजपा सरकार ऐसा नहीं होने देगी।
ये भी पढ़ेंः बेटी के कन्यादान को बढ़ाए सेना के जवानों ने हाथ, साथी के निधन के बाद किया कन्यादान; आंखों से बहे आंसू
ये भी पढ़ेंः मेरठ में मतांतरण का भंडाफोड़, पुलिस ने पांच लोग किए गिरफ्तार; 250 लोगों का परिवर्तन करा चुका मुख्य आरोपित!
भाजपा हमेशा सबका साथ, सबका विकास की नीति पर करती है काम
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास ने कहा, कि भाजपा ने हमेशा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर काम किया है। सामाजिक सद्भाव की शक्ति से सांप्रदायिक उन्माद को परास्त करके देश और मानवता को सुरक्षित रखना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य और समय की मांग है। हमें विदेशी आक्रमणकारियों के आपराधिक, सांप्रदायिक को वर्तमान पीढ़ी की सुरक्षा, संरक्षा और समृद्धि पर हावी नहीं होने देना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।