गोतस्कर ब्लाक प्रमुख मो. मुजफ्फर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, शपथ पत्र के लिए धमकी देने का आरोप
प्रयागराज के नवाबगंज में गोतस्कर और कौड़िहार ब्लॉक प्रमुख मो. मुजफ्फर समेत तीन लोगों के खिलाफ शपथ पत्र के लिए ...और पढ़ें

शपथ पत्र के लिए धमकी देने के मामले में गोतस्कर ब्लाक प्रमुख मो. मुजफ्फर समेत तीन पर प्रयागराज की नवाबगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
HighLights
नवाबगंज के फतुहपुर गांव निवासी भुक्तभोगी ने पुलिस को दी गई तहरीर पर की गई कार्रवाई
आरोपितों ने कहा- मुजफ्फर के पक्ष में शपथ पत्र देकर साबित करो कि वह घटना में शामिल नहीं था
संसू, जागरण, नवाबगंज (प्रयागराज)। शपथ पत्र के लिए धमकी देने के आरोप में कुख्यात गाेतस्कर मो. मुजफ्फर समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। नवाबगंज क्षेत्र के फतुहपुर गांव निवासी कुंदन कुमार सिंह पुत्र राममूर्ति सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
कुंदन कुमार सिंह के अनुसार 27 नवंबर की दोपहर लगभग 12 बजे वह शहर से गांव लौट रहा था। गांव के पास रास्ते में मो. असलम पुत्र मो. मुख्तार व मो. फैज पुत्र असलम निवासी चफरी ने उसकी गाड़ी रोक ली और जबरन उसे नीचे उतार लिया।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने उससे कहा कि तुमने जो मुकदमा मुजफ्फर के खिलाफ दर्ज कराया है, उसकी जमानत की सुनवाई इस समय न्यायालय में चल रही है। उन्होंने दबाव बनाते हुए कहा कि मुजफ्फर के पक्ष में शपथ पत्र देकर यह साबित करो कि वह घटना में शामिल नहीं था, ताकि उसकी जमानत हो सके।
कुंदन कुमार ने इसका विरोध करते हुए उनसे कहा कि उसने जो मुकदमा दर्ज कराया है, सत्य है और वह किसी के पक्ष में झूठा शपथ पत्र नहीं देगा। इस पर दोनों आरोपियों ने कहा कि वे कौडिहार ब्लाक प्रमुख गोतस्कर मो. मुजफ्फर के आदेश पर शपथ पत्र दिलवाने आए हैं। यदि वह शपथ पत्र नहीं देगा तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद असलम और फैज ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तभी आसपास के गांवों के कई लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। इससे भयभीत कुंदन कुमार ने रविवार को थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी।
नवाबगंज पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मो. असलम, मो. फैज व कौड़िहार ब्लाक प्रमुख मो. मुजफ्फर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इंस्पेक्टर नवाबगंज रघवेंद्र सिंह का कहना है कि गोतस्कर कौडिहार ब्लाक प्रमुख मो. मुजफ्फर व उसके बड़े भाई असलम, भतीजा फैज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
