प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना में, एक अनियंत्रित कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक ...और पढ़ें

प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर करछना के भीरपुर में बाइक में टक्कर मारने के बाद क्षतिग्रस्त कार व जुटी भीड़। जागरण
HighLights
करछना के भीरपुर स्थित देवरी कला गांव के निकट हुआ हादसा
मेजा में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल हो लौट रहे थे दंपती
संसू,जागरण, भीरपुर (प्रयागराज)। प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा करछना थाना क्षेत्र के भीरपुर इलाके में हुआ।
नैनी थाना क्षेत्र के मामा-भांजा निवासी 52 वर्षीय दिग्विजय गौड़ रविवार सुबह पत्नी सुशीला के साथ बाइक से मेंजा क्षेत्र के बिगहनी गांव गए थे। वहां रिश्तेदार की हुई मौत पर अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गए थे। दोपहर करीब 3:30 बजे दंपती बाइक से घर लौट रहे थे।
भीरपुर के देवरी कला गांव स्थित एक अस्पताल के पास प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर शहर की ओर से तेज रफ्तार आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मार्ग के बगल बने लोहे के डिवाइडर से बाइक सवार पति-पत्नी टकरा गए।
इस घटना में दिग्विजय गौड़ की मौके पर मौत हो गई,जबकि सुशीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।राहगीरों की सूचना पर भीरपर चौकी इंचार्ज एसएन सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर घटना की जानकारी उनके घरवालों को दी।
पुलिस ने घायल महिला को निकट के निजी अस्पताल में ले गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर हादसके के बाद कार लेकर सवार भाग निकले। चौकी इंचार्ज ने बताया कि कार सवार लोगों का पता लगाया जा रहा है।
