प्रयागराज जंक्शन पर माता-पिता से बिछड़ गया दो वर्षीय मासूम, GRP की इस ट्रिक ने आधे घंटे में मिला दिया
प्रयागराज जंक्शन पर दो वर्ष का बच्चा अपने माता-पिता से बिछड़ गया। दंपती बच्चे को ढूंढने में परेशान थे। गश्त कर रहे जीआरपी के हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को पूछताछ काउंटर के पास एक लावारिस बच्चा मिला। सीसीटीवी की मदद से अलर्ट जारी किया गया और आधे घंटे में बच्चे के माता-पिता को ढूंढ निकाला गया। उन्होंने जीआरपी को धन्यवाद दिया।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर रात में उस समय हड़कंप मच गया, जब अपने माता-पिता से दो वर्षीय मासूम बिछड़ गया। माता-पिता बदहवास हो गए, उनकी आंखों से आंसू नहीं रुक रहे थे। हालांकि ऐसे में जीआरपी के सिपाहियों ने बच्चे को ढूंढ लिया और माता-पिता से मिला दिया। इससे उनकी खुशी का ठिकाना न रहा।
गंगानगर राजापुर थाना कैंट का रहने वाला एक दो वर्षीय मासूम अपने माता-पिता से प्रयागराज जंक्शन पर बिछड़ गया। वह अपने माता-पिता के साथ स्टेशन के प्लेटफार्म पर बेंच पर बैठा था। इसके बाद न जाने कब वह अपने माता-पिता की नजरों से ओझल हो गया किसी को पता नहीं चला।
बदहवास माता-पिता उसे ढूंढने लगे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच, रात्रि ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के हेड कांस्टेबल विनय कुमार यादव और कांस्टेबल नरेंद्र कुमार सर्कुलेटिंग एरिया में गश्त कर रहे थे। पूछताछ काउंटर के पास उन्हें एक लावारिस बच्चा दिखा, जो कुछ बोल नहीं पा रहा था।
जीआरपी के इन दो जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के यात्रियों से जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद सीसीटीवी कंट्रोल रूम के सहयोग से अलर्ट जारी किया गया। यह पहल काम कर गई और महज आधे घंटे की त्वरित कार्रवाई में जीआरपी ने बच्चे के माता-पिता को ढूंढ निकाला।
गंगानगर, राजापुर निवासी माता-पिता को उनका मासूम बच्चे को जीआरपी ने सौंप दिया गया। बच्चे को सकुशल पाकर स्वजन को मानो सब कुछ मिल गया हो। बोले कि हमें तो लगा सब कुछ खो गया है। उन्होंने जीआरपी सिपाहियों का आभार जताया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।