प्रयागराज में शास्त्री नगर का निराला होगा दुर्गा पूजा पंडाल, पुरी मंदिर सा दिखेगा, मां दुर्गा संग दर्शन देंगे भगवान जगन्नाथ
प्रयागराज के शास्त्री नगर दुर्गा पूजा पंडाल में इस बार भगवान जगन्नाथ के दर्शन होंगे। दुर्गा पूजा कमेटी अपनी स्थापना का स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही है। पंडाल का निर्माण जगन्नाथ पुरी की थीम पर किया जा रहा है। बंगाल से आए कारीगर पंडाल को भव्य रूप दे रहे हैं वहीं ढाक कलाकार अपनी प्रस्तुति से भक्तिमय माहौल बनाएंगे। पंडाल में सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भगवान जगन्नाथ और उनकी नगरी पुरी के दर्शन की लालसा अब प्रयागराज में पूरी होने वाली है। चौंकिए नहीं, यह सौ फीसद सच होने जा रहा है। जो भक्त जगन्नाथ पुरी की यात्रा अब तक नहीं कर सके हैं, उनके लिए माध्यम बनेगी शास्त्री नगर दुर्गा पूजा कमेटी। यह कैसे संभव होगा, आइए जानें।
स्थापना का स्वर्ण जयंती वर्ष
इस बार शास्त्री नगर दुर्गा पूजा कमेटी अपनी स्थापना का स्वर्ण जयंती वर्ष बना रही है। पूजा पंडाल निर्माण की थीम 'जगन्नाथ पुरी ' रखी गई है। पंडाल के निर्माण में लगे कारीगरों ने ढांचा तैयार कर लिया है, इसमें रंग रोगन, साज सज्जा और मंदिर का स्वरूप ढालने के लिए विशेष प्रशिक्षित कारीगर लगा दिए गए हैं।
पूजा पंडाल भक्तों का ध्यान आकर्षित करेगा
दुर्गा पूजा पंडालों को थीम आधारित बनाने की परंपरा ने रोचक प्रतिस्पर्धा का दौर शुरू किया है। मां दुर्गा की स्तुति के अलावा देश के विभिन्न धार्मिक और रमणीय स्थलों की सैर कराने, सेना के शौर्य की झलक प्रस्तुत की जा रही है। इसके तहत शास्त्री नगर दुर्गा पूजा कमेटी ने पंडाल समेत आसपास के क्षेत्र के प्रति लोगों का ध्यान खींचने का विशेष इंतजाम किया है।
ढाक पार्टी भरेगी संगीत के रंग
पूजा स्थल पर बंगाल से आमंत्रित ढाक वाद्य यंत्र के कलाकार अपने पारंपरिक अंदाज में ढाक बजाएंगे। यह वाद्य यंत्र मां दुर्गा की विशेष पसंद माने जाते हैं। मजीरा और शंखनाद अनुष्ठान में भक्ति की लहरें उत्पन्न करेंगे। दुर्गा पूजा स्थल पर प्रवेश करते ही लगभग 100 फीट ऊंचे पंडाल में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के बाद भीतर माता के आकर्षक शृंगार और पंडाल की भीतरी साज-सज्जा के बीच सेल्फी प्वाइंट जगह-जगह बनाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज के गुमनाम हीरो आशीष, क्रिकेट में इन्हें क्यों मिली थी 'अमर अकबर एंथनी' की उपाधि, जानें रोचक प्रसंग
सब पर बसेगी भगवान की कृपा
कमेटी के अध्यक्ष पीयूष सिंह ने बताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष धूमधाम से मनाएंगे। पंडाल का निर्माण बंगाल से आए कारीगर कर रहे हैं, ढाक कलाकार भी वहीं से आएंगे। पंडाल की थीम के संबंध में बताया कि भगवान जगन्नाथ की कृपा सब पर बरसे इसलिए कमेटी ने पुरी का स्वरूप देने का निर्णय पूर्व में लिया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।