BSP प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने UP की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, प्रयागराज में पार्टी के प्रति ग्रामीणों का मनोबल बढ़ाया
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने प्रयागराज में कार्यकर्ताओं से मिलकर यूपी की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में जंगल राज है महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। पाल ने कार्यकर्ताओं से 2027 में बसपा सरकार बनाने के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने प्रयागराज दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए ग्रामीण कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से प्रदेश मुख्यालय सीधे जुड़ रहा है। हाल में ही जिला कार्यकारिणी में बदलाव के बाद विधानसभा क्षेत्रों में धरातल पर उतरी पार्टी ने एक-एक वोट सहेजने का अभियान शुरू कर दिया है।
सोरांव विधानसभा के शिवगढ़ में शनिवार देर शाम आए बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के कंधे पर बड़ी जिम्मेदारी है। विश्वनाथ पाल ने यूपी में कानून व्यवस्था खराब होने और बेरोजगारी, महंगाई चरम पर होने का हवाला देते हुए बसपा के प्रति ग्रामीणों का मनोबल ऊंचा करने का प्रयास किया।
ग्राम उसरही शिवगढ़ (सोरांव) स्थित एक गेस्ट हाउस में कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें प्रयागराज, मीरजापुर और चित्रकूट मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। जंगल राज हो गया है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है और प्रदेश सरकार शिक्षा को युवाओं से दूर करती जा रही है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को सूबे की सरकार संभाल नहीं पा रही है। कार्यकर्ताओं से बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूरी ताकत से जुट जाने का आह्नवान किया। कहा कि संगठन को बूथ और सेक्टर स्तर से मजबूत बनाएंगे, निष्ठा व ईमानदारी से काम करेंगे तो 2027 में बसपा की सरकार बनेगी। कई कार्यकर्ताओं को मंच से ही नाम लेकर संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने उनका दिल जीतने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें- नौ सितंबर से बंद होगा फाफामऊ पुल, लखनऊ-अयोध्या से प्रयागराज आने वाले जान लें 15 दिनों तक किधर से शहर में पहुंचें
सम्मेलन के दौरान भाजपा और समाजवादी पार्टी का दामन छोड़ कई लोगों ने बसपा की सदस्यता ली। दिलीप पाल, दीपक पाल, राजू पाल, शैलेंद्र पाल, धर्मेंद्र पाल समेत अन्य युवाओं ने बसपा को अपनाया। प्रजापति समाज से भी तमाम लोगों ने बसपा से हाथ मिलाया।
मुख्य मंडल प्रभारी चिंतामणि वर्मा, आकाश राव गौतम, डा. जगन्नाथ पाल, मंडल प्रभारी अतुल कुमार टीटू, रामराज सरोज, मोहम्मद अकरम, जिला संयोजक अनिल पटेल, प्रयागराज के जिलाध्यक्ष पंकज गौतम, शिव मिलन गौतम, प्रकाश, घनश्याम पटेल आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन जिलाध्यक्ष ने किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।