Great donor of Moradabad: शिक्षाविद डा. अरविंद गोयल के सारी संपत्ति दान करने के फैसले को सभी ने सराहा, सेवा के संकल्प में परिवार बना सहारा
डा. गोयल के बड़े बेटे मधुर गोयल मुंबई में रहते हैं। छोटे बेटे शुभम प्रकाश गोयल पिता के साथ रहकर सेवा कार्यों में सहयोग करते हैं। बेटी रोमा गोयल का विवाह हो चुका हैं उनके पति सेना में हैं।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। शिक्षाविद व समाजसेवी डा.अरविंद गोयल के सारी संपत्ति दान करने के फैसले में उनके परिवार ने पूरा समर्थन किया है। सेवा के इस संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने परिवार से भी विमर्श किया, सभी स्वजन ने उनके निर्णय को सराहा।
डा. गोयल के बड़े बेटे मधुर गोयल मुंबई में रहते हैं। छोटे बेटे शुभम प्रकाश गोयल पिता के साथ रहकर सेवा कार्यों में सहयोग करते हैं। बेटी रोमा गोयल का विवाह हो चुका हैं, उनके पति सेना में हैं। कुछ दिन पहले सभी एक साथ बैठे थे, पिता के निर्णय को सभी ने सराहा। गोयल देश के विभिन्न स्थानों पर डेढ़ सौ से अधिक स्कूल संचालित करते हैं। कई स्थानों पर वृद्धाश्रम भी हैं। उन्होंने सोमवार को अपनी सारी संपत्ति को सरकार के लिए दान करने का फैसला किया है। संपत्ति सैकड़ों करोड़ रुपये की मानी जा रही है। डाक्टर गोयल अक्सर कहते हैं कि संस्कार जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। संस्कारों की पूंजी उनके बच्चों को विरासत में मिली हैं। मेरे हर एक फैसले में बच्चे उनके साथ खड़े रहते हैं। यह ही उनकी पूंजी है।
पांच सदस्यीय समिति करेगी संपत्ति का आकलन: गोयल वर्तमान समय में सपरिवार लखनऊ में हैं। जानकारों के मुताबिक सरकार संपत्ति लेने से पहले सेवानिवृत्त आइएएस-आइपीएस अधिकारियों की पांच सदस्यीय टीम गठित करेगी। इस टीम के द्वारा दान की गई जमीन में परियोजनाओं का संचालन की योजना बनाई जाएगी। डा. गोयल की उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य राज्य में भी संपत्ति है। संपत्ति के आकलन में करीब 15 दिन का समय लगने की संभावना है।
बहनोई रह चुके मुख्य चुनाव आयुक्त: डा. अरविंद गोयल के बहनोई सुशील चंद्रा मुख्य चुनाव आयुक्त रह चुके हैं। खुद डा. गोयल महानगर भी समाजसेवा के कार्यो में बढ़चढ़कर सहभागिता करते हैं। वृद्धाश्रम में वह खुद जाकर बुजुर्गों की सेवा करते हैं। इसके अलावा राह चलते कोई गरीब व बेसहारा दिखाई दे जाता है तो गोयल रुककर उसकी पीड़ा को दूर करने का प्रयास करते हैं। महानगर में वह अपनी स्कूटी से जाकर समाजसेवा करते दिख जाते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।