यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अभिनेता सोनू सूद की पहल के बाद मुरादाबाद के हितेश की मदद के लिए आगे आ रहे लोग
अभिनेता सोनू सूद की मदद से एयरलिफ्ट कराकर हैदराबाद में भर्ती किए गए हितेश की स्थिति स्थिर बनी हुई है। ...और पढ़ें

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। अभिनेता सोनू सूद की मदद से एयरलिफ्ट कराकर हैदराबाद में भर्ती किए गए हितेश की स्थिति स्थिर बनी हुई है। उसकी मदद के लिए लोग खूब दरियादिली दिखा रहे हैं। बहन की गुहार के बाद से उसकी मदद के लिए हर कोई मदद की पोटली खोल रहा है। इतना ही नहीं अस्पताल में बहन से भाई की स्थिति के बारे में भी लगातार पूछा जा रहा है।
रविवार शाम तक हितेश के लिए 43 लाख से अधिक फंड एकत्रित हो चुका है। जबकि फेफड़े ट्रांसप्लांट करने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की जरूरत है। डा. रामस्वरूप कालोनी के रहने वाले हितेश के दोनों फेफड़े संक्रमित हैं। महानगर के अस्पताल से नोएडा बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था। वहां भी स्थिति ठीक नहीं होने पर बहन ने अभिनेता साेनू सूद से मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद उनके एनजीओ द्वारा नोएडा से हैदराबाद अस्पताल तक एयरलिफ्ट कराया गया। वहां भर्ती होने के बाद से हितेश सघन निगरानी कक्ष में हैं। अभी ट्रांसप्लांट को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। स्वजन के मुताबिक डाक्टर स्थिति स्टेबल होने के बाद आगे के उपचार के लिए प्लान करेंगे।
कोरोना संक्रमण से माता-पिता की हो चुकी है मौत : बता दें कि दूसरी लहर में हितेश समेत उसके माता-पिता कोरोना संक्रमित हो गए थे। पहले उनके पिता जबकि बाद में उनकी माता का निधन कोरोना संक्रमण से हो गया था। इस दौरान कोरोना संक्रमित होने के बाद हितेश की भी हालत बिगड़ती जा रही थी। आर्थिक तंगी से इलाज में अड़चन शुरू हो गई। परिवार का उम्मीद टूट रहा था, इस हालात परिवार की एक फरियाद पर अभिनेता सोनू सूद सक्रिय हो गए। उनकी इस पहल के बाद अब तमाम लोग मदद के लिए आगे आने लगे हैं।
