Meerut : पति से विवाद के बाद घर से निकली थी महिला, बहाने से ले गया आरोपित, तीन युवकों ने किया दुष्कर्म
Meerut News मेरठ में पति से विवाद के बाद घर से निकली महिला के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। एक आरोपित महिला को रेलवे स्टेशन छोड़ने के बहाने एक मकान में ले गया। वहां अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपितों ने महिला को नूरनगर हाल्ट पर छोड़ दिया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पति से विवाद होने पर गुस्से में घर से निकली महिला के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपितों ने बदहवास हालत में महिला को नूरनगर हाल्ट पर छोड़ दिया।
पीड़ित पति भाजपा पार्षद के साथ पहुंचा थाने, हंगामा
मामले की जानकारी होने पर पीड़ित पति भाजपा पार्षद के साथ थाने पर पहुंचा और आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा कर दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार की रात में हुआ था पति से विवाद
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के एक मुहल्ला निवासी महिला ने बताया कि बुधवार की रात में उसका पति से विवाद हो गया था। गुस्से में वह घर से निकल गई और पैदल ही समर गार्डन 60 फुटा रोड पर पहुंच गई। वहां पर उसे फतेहउल्लापुर निवासी शहजाद पुत्र अनीस मिला।
महिला ने शहजाद को बाइक से रेलवे स्टेशन पर छोड़ने की बात कही। आरोप है कि शहजाद उसे बाइक पर बैठाकर शौकीन गार्डन एक मकान में ले गया और अपने दो दोस्त सद्दाम पुत्र मुस्तफा निवासी खुशहाल नगर और वसीम पुत्र बाबू निवासी समर गार्डन को भी बुला लिया।
इसके बाद तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे आरोपित महिला को नूरनगर हाल्ट पर छोड़कर फरार हो गया।
इसी दौरान महिला का पति तलाश करते हुए वहां पहुंचा और उसे लेकर घर आया। रात के समय महिला ने पति को घटना की जानकारी दी। पति ने भाजपा पार्षद अरुण मचल को पत्नी के साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद पीड़ित पति पार्षद के साथ पत्नी को लेकर लिसाड़ी गेट थाने पहुंचा और वहां मौजूद समर गार्डन चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी दी।
इस बीच चौकी प्रभारी और पार्षद के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि पार्षद ने अपने समर्थकों को थाने बुला लिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक थाने में हंगामा चला। मामले को बढ़ते देख पुलिस ने उक्त तीनों आरोपितों पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
छेड़छाड़ के विरोध पर दो पक्षों में मारपीट
मेरठ : लिसाड़ी गांव में घर के बाहर खड़ी युवती से छेड़छाड़ के विरोध पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के खिलाफ थाने मे तहरीर दी है। पीड़ित युवती ने बताया कि पड़ोसी युवक आए दिन उसके साथ छेड़छाड़ करता रहता है। वह हर बार नजर अंदाज कर देती थी। गुरुवार रात में युवती अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोसी ने फिर से युवती से छेड़छाड़ कर दी। युवती ने अपने स्वजन को इस बारे में बताया तो उन्होंने विरोध कर दिया। जिसके बाद आरोपित ने अपने भाइयों के संग पीड़िता के घर में घुस गए और युवती सहित उसकी दो बहनों, मां और भाई के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।