Meerut: 25 गज जमीन बनी चाचा के कत्ल की वजह, भतीजे ने दोस्त के साथ मिलकर की वारदात, गोली चलाता आरोपित CCTV में कैद
Murder in Meerut मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में रेस्टोरेंट संचालक की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उस पर लगभग 15 राउंड फायरिंग की और फिर कनपटी पर गोली मारी। डेढ़ साल पहले भी उस पर जानलेवा हमला हुआ था जिसमें वह बच गया था। पुलिस जांच में राजफाश हुआ कि हत्या उसके भतीजे ने की है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। 25 गज जमीन के विवाद में भतीजे ने दोस्त के साथ मिलकर दिनदहाड़े सरेआम सड़क पर रेस्टोरेंट संचालक चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अपनी दो बेटियों को स्कूल छोड़कर पैदल घर लौट रहा था।
बाइक पर आए दो हमलावरों ने पीछे से गोली मारकर हत्या की। दोनों आरोपित सात राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। छह घंटे बाद ही पुलिस ने हमलावरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों हमलावर के पैर में गोली लगी है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीदनगर निवासी रेस्टोरेंट संचालक असलम शनिवार सुबह दो बेटियों को नेशनल पब्लिक स्कूल में छोड़कर घर लौट रहा था। घर से करीब 500 मीटर दूरी पर पिलोखड़ी रोड पर श्यामनगर में खजूर के पेड़ के पास पीछे से आए बाइक सवार दो हमलावरों ने असलम पर फायरिंग शुरू कर दी।
असलम खुद को बचाते हुए गलियों से भागा। हमलावर उसके पीछे फायरिंग करते हुए भागते रहे। उन्होंने करीब सात राउंड फायरिंग की। हमलावरों ने असलम के सिर में पीछे से गोली मारकर हत्या कर दी।
पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दो हमलावरों की पहचान सुभान और सादान के रूप में की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो टीमें लगाकर कांच के पुल से सुभान और सादान को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस दोनों से हथियार बरामद कराने के लिए लोहियानगर थाना क्षेत्र में डंपिंग यार्ड रिंग रोड की तरफ गई। तमंचा और पिस्टल बरामद होने के बाद आरोपितों ने पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में दोनों हत्यारोपितों के पैर में गोली लग गई। दोनों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। वहां से उपचार कराकर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
मकान पर कब्जा करना चाहता था असलम
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपित सुभान ने बताया कि उसका सगा चाचा असलम एक रेस्टोरेंट चलाता था। वह प्रापर्टी डीलिंग व ब्याज पर पैसे भी देता था। बताया कि असलम उसकी हत्या कराकर उसके पुश्तैनी 25 गज के मकान पर कब्जा करना चाहता था।
दरअसल, सुभान अपने पिता दिलशाद का इकलौता बेटा है। सुभान ने बताया कि असलम ने उसकी हत्या की दस लाख की सुपारी दे रखी थी। इसलिए दोस्त सादान के साथ वारदात को अंजाम दिया। सुभान ने 32 बोर की पिस्टल से छह फायर किए, जबकि सादान ने तमंचे से एक फायर किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।