Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Meerut : मीट कारोबारी के बेटे ने सरेबाजार कपड़ा व्यापारी को गोली मारकर मौत के घाट उतारा

    Updated: Sat, 26 Jul 2025 07:43 PM (IST)

    Murder in Meerut मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी जिसके कारण हत्या को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image
    मुखबिरी के शक में मीट कारोबारी के बेटे ने सरेबाजार कपड़ा व्यापारी को मार डाला

    जागरण संवाददाता, मेरठ। मीट कारोबारी के बेटे ने सरेबाजार कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपित हवा में तमंचा लहराते हुए भागने लगा। लोगों ने घेराबंदी कर दो सौ मीटर दूर उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से चार कारतूस और तमंचा बरामद हुआ है। मकान की खरीद-फरोख्त को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपितों ने घटना को अंजाम दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मुहल्ला ऊंचा सद्दीकनगर में राधना वाली गली निवासी कपड़ा कारोबारी 42 वर्षीय अबरार पुत्र अब्दुल हमीद का परिवार रहता है। लिसाड़ी रोड स्थित ट्यूबवेल तिराहे पर अबरार की सोफिया टेक्सटाइल के नाम से कपड़े की दुकान है।

    शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे दुकान से खाना खाने के लिए अबरार घर जा रहा था। लिसाड़ी रोड पर ट्यूबवेल तिराहे पर सामने से पैदल आ रहे राधना वाली गली निवासी मीट कारोबारी मोबीन व उसका बेटा उजैर मुहल्ले के ही फुरकान व मुकीम ने अबरार को घेर लिया। उजैर ने अबरार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली अबरार के सीने पर लगने से उसकी मौत हो गई। फायरिंग से बाजार में अफरा तफरी मच गई। दुकानों के शटर बंद हो गए। उजैर व अन्य आरोपित भागने लगे।

    उजैर को खत्ता रोड पर लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल अबरार को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि अबरार और मोबीन पक्ष में पांच साल से विवाद चला आ रहा था। दोनों ने मारपीट के मुकदमे दर्ज कराए थे। हाल में ऊंचा सद्दीकनगर में अबरार ने एक मकान खरीदने के लिए एडवांस रकम दी थी। मोबीन ने उक्त मकान को अबरार से ज्यादा रकम देकर खरीद लिया। अबरार की एडवांस दी गई रकम भी नहीं लौटाई जा रही थी। इसी को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। मोबीन को शक था कि अबरार उसके मीट कटान की पुलिस से मुखबिरी कर रहा है। इसी के चलते उजैर ने अबरार की हत्या कर दी।

    पांच साल से चल रही थी खुन्नस एक-दूसरे के खून के प्यासे थे

    जागरण संवाददाता, मेरठ : कपड़ा कारोबारी अबरार और मीट कारोबारी मोबिन की पिछले पांच सालों खुन्नस चल रही थी। दोनों की तरफ से 2020 में मारपीट के मुकदमे भी दर्ज हो गए थे। आसपास के लोगों ने पंचायत कर मामले में समझौता करा दिया था। उसके बाद भी मोबिन और अबरार का परिवार एक दूसरे को देखकर घूरने लगता था। हाल में मोहल्ले के सलीम के मकान को अबरार ने खरीदने के लिए एडवांस के तौर पर बीस लाख की रकम दी।

    उसके बाद सलीम से अतिरिक्त कीमत में मकान को मोबिन ने खरीद लिया। मोबिन के द्वारा बैनामा कराने के बाद अबरार को मामले की जानकारी हुई। तब अबरार ने सलीम से एडवांस दी गई रकम को वापस करने की मांग की। शनिवार को सलीम ने उक्त रकम देने का वायदा किया था।

    बताया जाता है कि शुक्रवार को अबरार और मोबिन पक्ष में भी विवाद हो गया था। अबरार ने मोबिन को देख लेने की धमकी दी थी। तब से दोनों पक्षों में विवाद और बढ़ गया था। उसके बाद भी लिसाड़ीगेट पुलिस ने मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया है।

    यही कारण है कि मोबिन का बेटा उजेर सुबह से ही अबरार की रेकी कर रहा था। अबरार खाना खाने के लिए दुकान से घर जा रहा था। तभी उजेर ने अबरार पर फायरिंग कर दी। शाम के साढ़े तीन बजे उजेर ने भीड़ के बीच ही अबरार पर गोली चला दी। एक गोली से निशाना चुक गया। उसके बाद दूसरी गोली सीने से सटाकर मार दी गई। फायरिंग होने से बाजार में भगदड़ का माहौल बन गया। उसके बाद कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाते हुए उजेर को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। सूचना के बाद भी लिसाड़ीगेट, ब्रह्मपुरी और कोतवाली पुलिस के साथ-साथ सीओ आशुतोष कुमार एवं एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे।

    उजेर से एसपी सिटी ने काफी देर तक पूछताछ की । उसने बताया कि अबरार लगातार पुलिस ने उनके मीट काटने की शिकायत करता रहता था। उसकी गतिविधियों से परेशान होकर ही हत्या की है। अबरार के धमकी देने के बाद ही उसकी हत्या का प्लान बनाया है। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुराने मुकदमों में अभी तक क्या कार्रवाई हुई है। उसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

    एसएसपी डा. विपिन ताडा का कहना है कि कपड़ा व्यापारी अबरार हत्याकांड में मौके से ही हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चार कारतूस और तमंचा बरामद किया गया है। हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के बारे में जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है।