अग्निवीर योजना के विरोध में उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई, प्रदर्शनकारियों से वसूले जाएंगे 12 लाख रुपये
UP News अग्निवीर भर्ती के विरोध में 2022 में हुई हिंसा के मामले में मेरठ कमेटी ने अपना फैसला सुनाया है। कमेटी ने हिंसा करने वाले 69 लोगों से लगभग 12 लाख रुपये की वसूली करने का आदेश दिया है। यह वसूली सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए की जाएगी। राजस्व की वसूली के आदेश जिलाधिकारी अलीगढ़ को दिए गए हैं।

जागरण संवाददाता, मेरठ। वर्ष 2022 में अग्निवीर भर्ती के विरोध में अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में हुई हिंसा को लेकर वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी की अध्यक्षता में बनाई गई मेरठ कमेटी ने सोमवार को अपना निर्णय दे दिया है। फैसले में कहा गया है कि हिंसा करने वाले 69 लोगों से लगभग 12 लाख रुपये की वसूली की जाए।
इस हिंसा में सरकारी संपत्ति का अधिक नुकसान हुआ था। जिसके बाद मामले में एक कमेटी बनाई गई थी। राजस्व की वसूली के आदेश जिलाधिकारी अलीगढ़ को दिए गए हैं।
अग्निवीर भर्ती के विरोध में वर्ष 2022 में हुई थी प्रदेश भर में हिंसा
दरअसल, जून 2022 में अग्निवीर भत्री को लेकर प्रदेश भर में हुए प्रदर्शन के खिलाफ उत्तर प्रदेश दावा अभिकरण में मामला दायर किया गया था। इस घटना के बाद प्रदेश में दावा अभिकरण की तीन बेंच बनाई गई थीं। सेंट्रल यूपी के लिए लखनऊ, ईस्ट यूपी के प्रयागराज और पश्चिमी यूपी के लिए मेरठ में बेंच बनाई गई थी। मेरठ बेंच में वेस्ट यूपी के छह मंडल मेरठ, अलीगढ़, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद और आगरा मंडल के सभी जिलों से संबंधित मामलों की सुनवाई हो रही है।
टप्पल थाने की जट्टारी पुलिस चौकी में लगी आग। - जागरण अर्काइव।
अलीगढ़ के टप्पल थाने में 400 पर दर्ज हुई थी रिपोर्ट
मेरठ की बेंच में न्यायिक अधिकारी अशोक कुमार सिंह कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए थे, जबकि अपर आयुक्त गरिमा सिंह और क्लेम कमिश्नरी आलोक पांडेय को सदस्य बनाया गया था। अलीगढ़ के टप्पल में हुए उपद्रव का सोमवार को मेरठ की कमेटी ने फैसला सुना दिया है। जिसमें कहा गया है कि हिंसा करने वाले 69 लोगों से 12 लाख चार हजार 831 रुपये की वसूली की जाए। प्रत्येक आरोपित से 16 हजार 969 रुपये की वसूली की जाएगी। अभी यह फैसला मेरठ ने अलीगढ़ के लिए सुनाया है, बाकी जनपदों का मामला विचाराधीन है।
ये भी पढ़ेंः महाकुंभ में लेंगे बदला...पीलीभीत एनकाउंटर के बाद खालिस्तान समर्थक पन्नू की गीदड़ भभकी का VIDEO हो रहा है वायरल
ये भी पढ़ेंः ग्रीस जाने की तैयारी में था सिराज, सत्यापन कराने आया अलीगढ़; गिरफ्तार बांग्लादेशी दंपती ने खोले चौंकाने वाले राज
यह हुई थी हिंसा
विगत 17 जून 2022 को अलीगढ़ के यमुना एक्सप्रेस-वे पर अग्निवीर भर्ती के विरोध में बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हो गए थे। जिसके बाद उन्होंने हंगामा और वाहनों में तोड़फोड़ कर दी थी। अलीगढ़ की टप्पल थाने की जट्टारी पुलिस चौकी को आग लगा दी थी। 12 निजी वाहनों को फूंक दिया था। पुलिस ने हिंसा के लिए रोका तो उन पर भी हमला कर दिया था। जिसमें एक सीओ और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। जिनका उपचार कराया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।