मथुरा में हंगामे के बाद सगी बहनों की टूटी शादी, लौटे रिश्तेदार; माथा पकड़ बैठ गए पिता
मथुरा में एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। जब दबंगों ने 2 घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। ब्यूटी पार्लर से दुल्हन बनकर बारात जा रही दो सगी बहनों को गाड़ी से निकालकर पीटा गया और उन पर कीचड़ फेंका गया। इसके बाद बारात में पहुंचकर मारपीट की गई और दूल्हे के पिता का सिर फोड़ दिया गया। वहीं अब रिश्तेदार लौट गए हैं।

जागरण संवाददाता, मथुरा। दबंगों ने सड़क से पहले निकलने के विवाद में बड़ी घटना को अंजाम दे डाला। दलितों की शादी में हमला बोल दिया। वरमाला के लिए सजकर आ रही दो सगी दुल्हन बहनों को कार से खींचकर पीटा। उनसे छेड़खानी की और कीचड़ फेंका। इसके बाद साथियों के साथ शादी के मंडप में जा पहुंचे।
वहां खड़ी दो कारों को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। दूल्हे के पिता का डंडे से सिर फोड़ दिया फिर बरातियों को बेरहमी से पीटा। विवाद के बाद दहशत में आया दूल्हा पक्ष रिश्ता तोड़कर चला गया। उन्होंने वधु पक्ष को दिया सामान भी वापस ले लिया।
दुल्हन के पिता ने 15 लोगों के विरुद्ध छेड़छाड़, लूटपाट और एससी/एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपित रोहतास और पिंटल को गिरफ्तार किया है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दो सगी बहनों की शादी नहीं होने से गांव में दुख का माहौल है। तनाव की स्थिति को देख पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। शादी के दौरान हुए हंगामे के बाद किसी ने खाना नहीं खाया। रविवार को स्वजन ने सब्जियां फेंकी और सामान को एक कमरे में रखवाया।
गांव में बंटवाने के लिए बनवाए गए लड्डू भी धरे रह गए। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस एवं प्रशासनिक अफसर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। रिफाइनरी के एक गांव में अनुसूचित जाति की दो सगी बहनों की शादी से पहले ही यादव समाज के युवकों ने विवाद खड़ा कर दिया था।
बारात लौटने से हर कोई दुखी
शादी की खुशियां मातम में पसर गई। गांव में आई बारात लौटने से हर कोई दुखी है। हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। घरों के बाहर खड़ी महिलाओं के झुंड में बस बारात की ही बातें हैं। दुल्हन के नाना ने बताया कि शादी के लिए वह करीब दो लाख रुपये का भात लेकर आए थे। विवाद से काफी नुकसान हो गया है।
बिखर गईं पूरी तैयारियां
मेहमानों के लिए बनवाया गया पकवान, सब्जियां सब खराब हो गई हैं। इनको रविवार सुबह फिंकवाया गया। पूरे गांव में बंटवाने के लिए लड्डू बनवाए गए थे, जो धरे रह गए हैं। इन्हें भी अब फिंकवाया जाएगा। रिश्ता तय होने के बाद फिर से पूरी तैयारियां करनी पड़ेगी।
ठाकुर पक्ष के दो भाई आपस में भिड़े
गांव में रविवार की सुबह 11 बजे ठाकुर पक्ष दो भाई आपस में भिड़ गए। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया। एक भाई गांव की गलती बता रहा था तो वहीं दूसरा भाई आरोपितों को गलत कह रहा था। गांव को गलत बताने दोनों भाइयों में पुलिस के सामने ही हाथापाई हो गई। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया।
रिश्तेदार वापस लौटे, घर हुआ खाली
शादी की खुशियों में शामिल होने के लिए आए स्वजन अब निराश होकर वापस लौटने लगे हैं। इससे घर खाली होने लगा है। वहीं आसपास के रिश्तेदार घर पर पहुंचकर जानकारी कर रहे हैं और फिर रिश्ता ढूंढने के लिए स्वजन के साथ जा रहे हैं।
बेटे के जन्मदिन पर दारू पार्टी कर लौटे थे आरोपित
मथुरा। बेटे के जन्मदिन पर आरोपितों ने दारू पार्टी की थी। लौटते समय रास्ते में कार को देख आवेश में आ गए। फूफा के मजाक करने पर पारा गर्म हो गया। इसके बाद मारपीट कर और साथियों को बुलाकर बारात में तांडव मचा दिया। नशे में आरोपितों ने धमकी भी दी कि बारात चढ़ाओगे तो पिटोगे।
नशे में लौट रहे थे दोनों
आरोपित लोकेश यादव उर्फ पिंटल के बेटे का 21 फरवरी को जन्मदिन था। इसको लेकर उसके घर में भी कार्यक्रम चल रहा था। लोकेश गांव के ही रोहितास के साथ रिफाइनरी थाने के पास गया और शराब खरीदी। इसके बाद गांव से थोड़ी दूर निर्माणाधीन बरेली हाईवे पर भी बाइक को रोककर शराब पी। नशे में दोनों बाइक से लौट रहे थे।
बारात में हंगामा कर की मारपीट
कच्ची सड़क पर कार को देख साइड लेने के लिए तेजी से हॉर्न बजाने लगे थे। फूफा ने कहा था कि थोड़ा रुक जाओ फिर निकल जाना। इससे आरोपित आवेश में आ गए। इसके बाद मारपीट शुरू कर दी थी। नशे में साथियों को बुलाकर बारात में भी हंगामा करके मारपीट कर दी। रिफाइनरी थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने शराब पीकर नशे में होने की बात स्वीकार की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।