'दूल्हे के पिता को पीटा, दुल्हनों पर फेंका कीचड़', शादी टूटने के बाद पीड़ित परिवार से मिले सांसद चंद्रशेखर आजाद
एक गांव में सात दिन पहले दुल्हन बनीं दो सगी दलित बहनों और बरातियों से मारपीट का मामला सामने आया था। बरात बिना शादी के वापस हो गई थी। अब ये मामला तूल पकड़ गया है। शुक्रवार को भीम आर्मी प्रमुख और बबीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद गांव पहुंचे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतजाम किए गए थे।

जागरण संवाददाता, मथुरा। रिफाइनरी थाना क्षेत्र के एक गांव में सात दिन पहले दुल्हन बनीं दो सगी दलित बहनों और बरातियों से मारपीट का मामला सामने आया था। बरात बिना शादी के वापस हो गई थी। अब ये मामला तूल पकड़ गया है।
शुक्रवार को भीम आर्मी प्रमुख और बबीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद गांव पहुंचे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतजाम किए गए थे। लोगों की भारी भीड़ के साथ चंद्रशेखर आजाद ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
गांव में रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
चंद्रशेखर आजाद के पहुंचने से पहले ही गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई थी। उनके गांव पहुंचने के बाद सैकड़ों की संख्या में युवा गांव पहुंच गए थे। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया था। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और कहा कि वह न्याय दिलाएंगे और परिवार के साथ पूरी तरह से हैं।
गांव के बाहर लटका मिला था शव
इसके बाद चंद्रशेखर आजाद सुरीर क्षेत्र के गांव भरत नगरिया भी जाएंगे। यहां ब्राह्मण और जाटव पक्ष के दो पक्षों में शनिवार को मारपीट हो गया था। इसे जातीय रंग देने का प्रयास किया गया था। उधर, मांट थाना क्षेत्र के गांव सिर्रेला भी जाएंगे। सिर्रेला गांव में वासुदेव भगत का गांव के बाहर शव लटका मिला था। वहां वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
भगत नगरीय पहुंचने से पहले आंबेडकर की प्रतिमा खंडित
मथुरा : सुरीर थाना क्षेत्र के गांव भगत नगरिया में ब्राह्मण और जाटव समाज में शनिवार को जमकर विवाद हो गया था। इसमें रिपोर्ट दर्ज कर कुछ आरोपित गिरफ्तार किए गए थे। इसे लेकर शुक्रवार को सांसद चंद्रशेखर आजाद गांव पहुंचे।
उनके पहुंचने से पहले गांव में लगी डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को किसी ने खंडित कर दिया। इसे लेकर गांव में तनाव का माहौल है। चंद्रशेखर आजाद के पहुंचने से पहले पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कई थानों की पुलिस और पीएसी गांव में मौजूद है।
ये था सगी बहनों से मारपीट का मामला
दबंगों ने सड़क से पहले निकलने के विवाद में बड़ी घटना को अंजाम दे डाला था। दलितों की शादी में हमला बोल दिया था। वरमाला के लिए सजकर आ रही दो सगी दुल्हन बहनों को कार से खींचकर पीट दिया था। उनसे छेड़खानी की गई थी और कीचड़ फेंका गया था। इसके बाद साथियों के साथ शादी के मंडप में जा पहुंचे दबंगों ने बरातियों से भी मारपीट कर दी थी।
वहां खड़ी दो कारों को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया था। दूल्हे के पिता का डंडे से सिर फोड़ दिया फिर बरातियों को बेरहमी से पीटा। विवाद के बाद दहशत में आया दूल्हा पक्ष रिश्ता तोड़कर चला गया था। उन्होंने वधु पक्ष को दिया सामान भी वापस ले लिया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।