यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Banke Bihari Mandir: एक बार फिर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ ने बिगाड़े हालात, भीषण गर्मी में उमड़े बड़ी संख्या में श्रद्धालु
Banke Bihari Temple Vrindavan News मंदिर के अंदर ही नहीं बाहर गलियों में भी भीड़ का दबाव बना नजर आया। ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीषण गर्मी में भी भक्तों की संख्या में गिरावट दर्ज नहीं हो रही। पिछले दिनों तापमान बढ़ने के साथ दो दिन भक्तों की संख्या में गिरावट देखने को मिली। लेकिन, रविवार को भक्तों का भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी।
आसमान से बरसती आग के बावजूद बांकेबिहारी के भक्तों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही। शनिवार शाम से शुरू हुआ भक्तों की भीड़ का रेला रविवार को और भी अधिक नजर आया। सुबह आसमान में बादल भले ही छाए थे। लेकिन, भीड़ और उमस ने श्रद्धालुओं को परेशान कर दिया।
धूप का भी असर नहीं
भीड़ का दबाव और पुलिस के बैरियर पर रोके जाने पर श्रद्धालुओं की हालत खराब हो रही थी। तपती धरती पर नंगे पैर और सिर पर तेज धूप ने श्रद्धालुओं की हालत बिगाड़ दी। ऐसे में दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों ने श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए पानी की व्यवस्था की। मंदिर की गलियों में भीड़ का दबाव सुबह से बना जो दोपहर तक रहा। शाम काे एकबार फिर भीड़ के दबाव ने मंदिर की व्यवस्थाओं को ध्वस्त करके रख दिया।
