विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

400 पार या कुछ और... बैठकी में बन-बिगड़ रही सरकार, Exit Poll के बाद यूपी में चर्चा शुरू

Published: Sun, 02 Jun 2024 02:18 PM (IST)

लोकसभा चुनाव की मतगणना चार जून को होगी। चुनावी एग्जिट पोल आने शुरू हो गए हैं। शहर में जगह-जगह एग्जिट ...और पढ़ें

400 पार या कुछ और... बैठकी में बन-बिगड़ रही सरकार, Exit Poll आने के बाद यूपी में चर्चा शुरू
400 पार या कुछ और... बैठकी में बन-बिगड़ रही सरकार, Exit Poll आने के बाद यूपी में चर्चा शुरू

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। लो देखों मैं पहले ही कह चुका हूं कि इस बार भाजपा को सीटें कम मिलेंगी... दूसरे ने जवाब दिया कि सरकार तो भाजपा की ही बन रही है। शनिवार की शाम शहर के प्रमुख बाजार में यही नजारा देखने को मिला। लोकसभा चुनाव की मतगणना चार जून को होगी। चुनावी एग्जिट पोल आने शुरू हो गए हैं। शहर में जगह-जगह एग्जिट पोल को लेकर लोगों की अलग-अलग राय है।

इस बार 400 पार का आंकड़ा पूरा नहीं होगा। हां इतना जरूर है कि भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। लोगों का मानना है कि 370 के करीब भाजपा को सीटें मिलेंगी। बाकी में सब सिमट जाएंगे। सीटें कम होने पर लोगों का तर्क है कि व्यापार नीति और पेपर लीक होने का असर भाजपा को झेलना पड़ रहा है। इस वजह से चार सौ पार का आंकड़ा पार नहीं हो पाएगा।

एग्जिट पोल शुरू होने के साथ ही लोग टीवी स्क्रीन पर लग गए। देश के कौन से राज्य में किस पार्टी को कितनी सीट मिल रहीं हैं। यह देखने के साथ ही लोगों का अपना-अपना तर्क रहा। जीएमडी रोड पर दैनिक जागरण टीम एग्जिट पोल की स्थिति और लोगों की राय जानने के लिए पहुंची थी। गुलजारीमल धर्मशाला में बने प्रापर्टी के कार्यालय में व्यापारी बैठे थे।

मुरादाबाद ड्रीम फाउंडेशन के अध्यक्ष शिवेंद्र जैन, हरिओम भूटानी से बोले कि भाई इस बार भाजपा की सीटें कम हो रहीं हैं। 400 पार तो नहीं लेकिन, 370-380 सीटें भाजपा को मिलेंगी। इनकी बात सुनने के बाद अमनदीप सिंह मन्नी बोले भाई भाजपा को उत्तर प्रदेश में तकरीबन 65-70 सीटें मिलेंगी। श्रीराम मंदिर का मुद्दा भी खूब असरदार नहीं रहा। तरुण मदान बीच में बोल पड़े। व्यापार नीति बेहतर होने से परिणाम और बेहतर होते।

पेपर लीक होना और व्यापार के लिए कुछ किया होता तो इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। जतिन प्रजापति बोले भाई कुछ भी हो सरकार तो भाजपा की ही बनेगी। इसमें कोई संदेह वाली बात नहीं है। अनिल वर्मा ने उनकी बात का समर्थन किया। सुघोष अरोड़ा कन्हैया बोले कि केरल में भाजपा को कुछ हाथ नहीं आ रहा है। महाराष्ट्र में 30 से 32 सीट भाजपा को मिल जाएंगी। गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में पूरी की पूरी सीटें भाजपा को मिल रहीं हैं। पंजाब में भी भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नजर नहीं आ रहा है।

इतना सुनने के बाद राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार की आयुष्मान योजना, राशन का असर भी बिना भेदभाव की वजह से दिखाई देगा। अनिल वर्मा बोल पड़े कि भाई हमें भाजपा की सरकार बनने में कोई संशय नहीं है। सरकार को सभी वर्ग को ध्यान में रखकर आगामी योजनाओं का क्रियान्वयन कराना चाहिए। जो कमियां रह गई हैं। अबकी बार सरकार बनने के बाद उन्हें दूर कराया जाना बहुत आवश्यक है।

बाजार में टीवी स्क्रीन पर एग्जिट पोल देखने में लगे रहे लोग

बुधबाजार से ताड़ीखाना रोड पर दुकानों पर लोग एग्जिट पोल देखने में लगे हुए थे। शाम सात बजे से ही लोग आपस में चुनाव पर चर्चा करते हुए दिखाई दिए। हर कोई अपने-अपने हिसाब से पार्टी के पक्ष में बात रख रहा था। कुछ दुकानदार तो अपने प्रतिष्ठान बंद करके घरों पर एग्जिट पोल देखने के लिए पहले ही निकल चुके थे।