Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Monsoon Session 2025 : मानसून सत्र के पहले दिन CM का समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला, बोले-सपा और लोकतंत्र नदी के दो छोर

    Updated: Mon, 11 Aug 2025 12:35 PM (IST)

    UP VidhanMandal Monsoon Session 2025 First Day विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पहले कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित किया लेकिन लगातार हंगामा होते रहने के कारण सदन को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया। इसके दौरान सरकार के सभी विधेयकों को सदन में पेश किया गया।

    Hero Image
    विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबाेधन

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन पहले दिन सोमवार को विधान सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सदन में संबोधन के दौरान और बाद में समाजवादी पार्टी के विधायक लगातार बेल प्रदर्शन और हंगामा कर रहे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पहले कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित किया, लेकिन लगातार हंगामा होते रहने के कारण सदन को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया। इसके दौरान सरकार के सभी विधेयकों को सदन में पेश किया गया।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा के कार्यकाल में व्यापारियों पर हुए अत्याचार और गुंडा टैक्स की याद दिलाते हुए कहा कि सपा का लोकतंत्र में विश्वास केवल दिखावा है। उन्होंने संभल, बहराइच और गोरखपुर में सपा की नकारात्मक राजनीति पर भी सवाल उठाए।

    माता प्रसाद पांडेय के आरोपों पर दिया सटीक जवाब

    मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि कुछ लोग उनके कंधे पर बंदूक रखकर गोली चला रहे हैं। सीएम ने कहा कि माता प्रसाद पांडेय जी, आप वरिष्ठ हैं। आपको अनावश्यक रूप से मोहरा बनाकर कुछ लोग आपके कंधे पर बंदूक रखकर निशाना साध रहे हैं। आपको ऐसा होने नहीं देना चाहिए। उन्होंने गोरखपुर के विरासत कॉरिडोर के मुद्दे पर सपा की राजनीति को नकारात्मक और विकास विरोधी करार दिया।

    गोरखपुर विरासत कॉरिडोर पर सीएम ने सपा को घेरा

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के विरासत कॉरिडोर के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर गोरखपुर के सबसे पुराने बाजार, घंटाघर और गीताप्रेस जैसे ऐतिहासिक स्थानों को जोड़ने का काम करेगा। नेता प्रतिपक्ष से तीन दिन पहले गोरखपुर विरासत कॉरिडोर का निरीक्षण किया था। वहां के एक-एक व्यापारी से बात की। यह गोरखपुर का सबसे पुराना बाजार है, जहां कंजेशन और अवैध कब्जे की समस्या थी। हमने सड़क निर्माण और कंजेशन दूर करने का काम शुरू किया है। व्यापारियों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। सरकार सुनिश्चित करेगी कि विकास कार्यों के दौरान किसी का नुकसान न हो।

    उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में इस क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सपा के समय में हर वर्ष 700 से 1500 बच्चों की मौत इन्सेफलाइटिस से होती थी। नेता प्रतिपक्ष के विधानसभा क्षेत्र और सिद्धार्थनगर में सैकड़ों बच्चे मरते थे, लेकिन आपने कुछ नहीं किया। स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास आपका एजेंडा कभी नहीं रहा।

    सपा के प्रति व्यापारियों में है जबरदस्त आक्रोश

    मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर के व्यापारियों ने माता प्रसाद पांडेय के दौरे का विरोध किया था, क्योंकि सपा के कार्यकाल में व्यापारियों को भय और गुंडा टैक्स का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी व्यापारी सपा के कार्यकाल में हुए शोषण को नहीं भूले हैं। व्यापारी इसलिए आशंकित और आक्रोशित थे कि आप बिना बुलाए वहां गए और उनके विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश की। सीएम योगी ने आगे कहा कि व्यापारियों ने आपका सम्मान पूर्वक विरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा से सुरक्षा और विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती।

    संभल में भी सपा ने की थी अराजकता

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने संभल में सपा सरकार के दौरान अराजकता का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार वहां शुद्धिकरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि सपा ने संभल में जो नकारात्मकता फैलाई, आज हम उसे सुधार रहे हैं, लेकिन सपा अपनी पुरानी आदतों से बाज नहीं आती और विकास को अवरुद्ध करने की कोशिश करती है।

    यह भी पढ़ें- UP Monsoon Session 2025 : यूपी के अगले 25 वर्ष के विजन का गवाह बनेगा मानसून सत्र, होगी लगातार 24 घंटे चर्चा

    सपा पर विकास विरोधी होने का सीएम ने लगाया आरोप

    सीएम योगी ने सपा पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि चाहे संभल हो, बहराइच हो या गोरखपुर, सपा हर जगह नकारात्मक राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए की सरकार विकास कराना चाहती है, लेकिन सपा को यह बुरा लगता है।

    यह भी पढ़ें- UP Monsoon Session 2025 : मानसून सत्र के पहले दिन विधानमंडल सत्र के पहले दिन निराले अंदाज में पहुंचे सदस्य

    मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों का किया स्वागत

    मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर से आए सभी विधानसभा और विधानपरिषद् सदस्यों का हृदय से स्वागत किया और सत्र की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सत्र उत्तर प्रदेश के विकास और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।