Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कुनबे के घमासान से बेपरवाह हो निकलेगा अखिलेश का समाजवादी विकास रथ

    By Nawal MishraEdited By:
    Updated: Wed, 02 Nov 2016 09:32 PM (IST)

    मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की विकास रथयात्रा का आज राजधानी के लामार्ट मैदान में आइजी सतीश गणेश और मंडलायुक्त भुवनेश कुमार तैयारियों का जायजा लिया।

    लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी कुनबे के घमासान से बेपरवाह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीन नवंबर से शुरू होने वाली विकास से विजय की ओर रथयात्रा की कार्ययोजना को खुद अंतिम रूप दिया। यात्रा की तैयारी अंतिम चरण में पहुंची। आज राजधानी लखनऊ के लामार्टिनियर मैदान में आइजी सतीश गणेश और मंडलायुक्त भुवनेश कुमार तैयारियों का जायजा लिया। यह यात्रा लखनऊ व उन्नाव के छह विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। लगभग 115 किलोमीटर की इस यात्रा में वह 12 स्थानों पर लोगों को संबोधित करेंगे। 16 स्थानों पर स्वागत होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पढ़ें- सिमी के आतंकियों के फरार होने के बाद से यूपी में हाई अलर्ट

    रथयात्रा में घर की पूड़ी-सब्जी

    घर की पूड़ी-आलू की सब्जी, चाय-कॉफी पीते वह पहले दिन का सफर पूरा करेंगे। यात्रा के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ वापस आ जाएंगे। दूसरे चरण की यात्रा सात नवंबर से शुरू होगी। पांच साल के बाद अखिलेश यादव एक बार फिर रथ यात्री होंगे। अखिलेश इस बार मुख्यमंत्री के रूप में जनता से मुखातिब होंगे और अपने काम के साथ भविष्य की उम्मीदों का खाका खींचकर समर्थन हासिल करने का प्रयास करेंगे। यात्रा के पहले दिन कहां रुकना है, कहां लोगों को संबोधित करना है, यह सब खुद अखिलेश ने निर्धारित किया है। जिन रास्तों से उनका रथ गुजरना है, उनमें लखनऊ जिले की कैन्ट, लखनऊ (पूर्वी) और सरोजनीनगर विधानसभा का क्षेत्र पड़ेगा। इसके अलावा उन्नाव में मोहान विधानसभा, पुरवा और उन्नाव सदर का विधानसभा क्षेत्र पड़ेगा। अगर मार्ग में आंशिक बदलाव हुआ तो भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांव भी मार्ग में आएंगे, मगर यह अभी सिर्फ संभावित ही है। यात्रा के समन्वय का जिम्मा जनेश्वर मिश्र लोहिया के लोग ट्रस्ट के सदस्य सचिव एसआरएस यादव को सौंपा गया है।

    पढ़ें- दीवाली की बधाई देने रामगोपाल के घर पहुंचे सीएम अखिलेश यादव

    यात्रा: पहला दिन

    • सुबह नौ बजे : लामार्टिनियर मैदान से रवानगी
    • सुबह नौ बजकर पांच मिनट: 1090 चौराहा पर स्वागत
    • सुबह नौ बजकर 15 मिनट: सीएमएस चौराहा पर स्वागत
    • सुबह नौ बजकर 30 मिनट : पत्रकारपुरम पर संबोधन
    • सुबह 10 बजे: हुसडिय़ा से शहीद पथ होकर अहिमामऊ चौराहा पर संबोधन
    • सुबह 10.15: तेलीबाग रायबरेली चौराहा पर संबोधन
    • सुबह 10.30: अमौसी चिल्लावां में संबोधन
    • सुबह 11 बजे: सरोजनीनगर में संबोधन
    • सुबह 11.30 बजे: बंथरा में संबोधन
    • सुबह 11.45 बजे: जुनाबगंज चौराहा पर स्वागत
    • दोपहर 12.30 बजे: सोहरामऊ में संबोधन
    • दोपहर 12.45 बजे: आशाखेड़ा में स्वागत
    • दोपहर एक बजे: नवाबगंज में संबोधन
    • अपराह्न 1.30 बजे: अजगैन चौराहा पर स्वागत
    • अपराह्न 1.45 बजे चमरौली में स्वागत
    • अपराह्न दो बजे: बशीरतगंज में संबोधन
    • अपराह्न 14.30 बजे: दही चौकी में संबोधन
    • अपराह्न 2.45 बजे: ओवर ब्रिज बाईपास पर स्वागत
    • अपराह्न 3.15 बजे: आजाद चौराहा मोड़ बंथर
    • अपराह्न 3.45 बजे: स्टेडियम शुक्लागंज में संबोधन
    • शाम 4.45 बजे : स्टेडियम शुक्लागंज से प्रस्थान
    • शाम 5 बजे: सैजनी मोड़ पर स्वागत
    • शाम 5.15 बजे मगरवारा में स्वागत
    • शाम 5.30 बजे करोड़ मोड़ पर स्वागत
    • शाम 5.40 बजे आदर्शनगर पुलिया
    • शाम 5.45 बजे गांधीनगर तिराहा पर स्वागत
    • शाम छह बजे : छोटा चौराहा पर संबोधन
    • शाम 6.15 बजे : बड़ा चौराहा पर संबोधन
    • शाम 6.20 बजे : आइबीपी चौराहा पर स्वागत
    • शाम 18.25 बजे: आवास विकास पर स्वागत और पहले दिन की यात्रा पूरी।
    पढ़ें- लोकप्रियता में अखिलेश ने सपा सुप्रीमो मुलायम को पीछे छोड़ा

    विकास रथ में बुहत कुछ खास

    अब समाजवादी विकास रथ भी लोगों की जिज्ञासा का केंद्र है। मर्सिडीज बेंज बस पर बने इस समाजवादी हाईटेक रथ से मुख्यमंत्री गुरुवार से सियासी पथ पर चलना शुरू करेंगे। रथ में सारी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस रथ में बड़ी एलईडी स्क्रीन से सरकार की विकास योजनाओं का प्रचार होगा।रथ में हाईड्रोलिक लिफ्ट से मुख्यमंत्री छत पर पहुंचकर जनता को संबोधित करेंगे। रथ में उनके विश्राम, कांफ्रेंस और कार्यालय की भी व्यवस्था है। कार्यालय को ऐसे बनाया गया है जिसमें मुख्यमंत्री सरकारी कामकाज भी निपटा सकें। दस पहिये के इस रथ में छोटा किचन, वॉशरूम-टायलेट भी है। कांफ्रेंस हाल समेत पूरे रथ की क्षमता 15 लोगों के बैठने की है।बिल्कुल नये ढांचे पर खड़े इस बुलेट प्रूफ रथ के निर्माण में करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें जैमर और बार कैमरे भी लगे हैं। इन कैमरों के जरिए मुख्यमंत्री कुछ दूर पहले से ही भीड़ और काफिले को देख सकेंगे।

    पढ़ें- रालोद अध्यक्ष ने की समाजवादियों से एक मंच पर आने की गुजारिश

    इंटरनेट और वाई-फाई सुविधा

    इंटरनेट और वाई-फाई सुविधा से लैस इस रथ को समाजवादी झंडे का रंग भी दिया गया है। हालांकि रथ की दोनों दीवारों में लाल रंग का इस्तेमाल ज्यादा किया गया है। यात्रा के लिए एक वीडियो भी बना है जिसके बोल हैं-काम बोलता है। रथ के आगे समाजवादी विकास रथ लिखा है और पीछे इसी शीर्षक के साथ सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की बड़ी सी तस्वीर लगी है। रथ के एक साइड की दीवार पर एक तरफ लोहिया, जनेश्वर और जयप्रकाश नारायण की तस्वीरें एक साथ है। इस दीवार पर सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की बड़ी सी तस्वीर भी है। दूसरी तरफ साइकिल पर सवार मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हैं। इस ओर सिर्फ अखिलेश की अकेली तस्वीर है। इसी तरफ से रथ में जाने के लिए द्वार बनाया गया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का चेहरा इस रथ से नदारद है।

    होर्डिंग से शिवपाल लगभग नदारद

    सोहरामऊ से लेकर शुक्लागंज और फिर उन्नाव तक रथ यात्रा का मार्ग होर्डिंग से पटा पड़ा है लेकिन इनसे सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव लगभग नदारद दिख रहे हैं। मंत्रियों व विधायकों समेत कई लोगों ने होर्डिंग्स लगाई हैं लेकिन इनमें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव पर ही फोकस है। होर्डिंग्स में जिन चंद पर शिवपाल की मौजूदगी है वे या तो घोषित प्रत्याशी या फिर विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी करने वालों की थी। कुछ एक विधानसभा चुनाव के बाद स्थानीय निकाय चुनाव के लिए माहौल बनाने के लिए अभी से लगे हैं।