लखनऊ से रविवार को दिल्ली और शनिवार को चंडीगढ़ के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, दो स्पेशल ट्रेनों को मिली स्वीकृति
स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल दो स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। एक ट्रेन दिल्ली के लिए रविवार रात 910 बजे और दूसरी चंडीगढ़ के लिए शनिवार रात 830 बजे रवाना होगी। यह ट्रेनें लखनऊ से शाहजहांपुर बरेली मुरादाबाद गाजियाबाद और अन्य स्टेशनों से होते हुए नई दिल्ली और चंडीगढ़ पहुंचेंगी।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी पर्व के बाद वापस लौट रहे यात्रियों को वेटिंग लिस्ट से राहत दिलाने के लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन दो स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। एक ट्रेन दिल्ली और दूसरी चंडीगढ़ के लिए चलायी जाएगी। दिल्ली की ट्रेन रविवार रात और चंडीगढ़ की ट्रेन शनिवार रात रवाना होगी।
ट्रेन नंबर 04207 स्पेशल लखनऊ से रविवार 17 अगस्त की रात 9:10 बजे छूटेगी । यह ट्रेन शाहजहांपुर रात 12:10 बजे, बरेली 1:12 बजे, मुरादाबाद 2:55 बजे, गाजियाबाद सुबह 5:20 बजे हाेते हुए नई दिल्ली 6:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 18 अगस्त को सुबह 10:45 बजे नई दिल्ली से चलकर रात आठ बजे लखनऊ पहुंचेगी। ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी बोगियां होंगी। इसी तरह दूसरी स्पेशल ट्रेन 04206 वाराणसी से 16 अगस्त को दोपहर 2:50 बजे चलेगी।
यह ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, रायबरेली होते हुए लखनऊ रात 8:20 बजे पहुंचेगी। लखनऊ से रात 8:30 बजे चलकर ट्रेन बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी, अंबाला कैंट होते हुए चंडीगढ़ अगले दिन सुबह 7:45 बजे पहुंचेगी। चंडीगढ़ से 04205 स्पेशल 17 अगस्त को सुबह 9:30 बजे रवाना होकर रात 8:05 बजे लखनऊ होते हुए वाराणसी देर रात 1:20 बजे पहुंचेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।