UP News: भाजपा जिलाध्यक्ष चुनाव के लिए 7 से 10 जनवरी तक होंगे नामांकन, उम्मीदवारों को पूरा करना होगा यह मानक
उत्तर प्रदेश में भाजपा जिलाध्यक्षों के चुनाव के लिए 7 से 10 जनवरी तक नामांकन होंगे। पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि से जुड़े और दो बार के सक्रिय सदस्य ही नामांकन कर सकते हैं। जिलाध्यक्ष बनने के लिए उम्मीदवारों की उम्र 60 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आम सहमति से जिलाध्यक्ष का चुनाव करेगी।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के तहत जिलाध्यक्षों के चुनाव के लिए अब सात से 10 जनवरी तक नामांकन किए जाएंगे। पार्टी की वैचारिक पृष्ठभूमि से जुड़े होने के साथ दो बार के सक्रिय सदस्य ही नामांकन कर सकते हैं। जिलाध्यक्ष बनने के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र भी नहीं होनी चाहिए।
जिला चुनाव अधिकारी अपने-अपने जिलों में चुनाव तिथि व स्थान की घोषणा करेंगे। भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आम सहमति के आधार पर जिलाध्यक्ष का चुनाव करेगी। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने संगठनात्मक चुनाव के अगले चरण की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि विचारधारा, संस्कार और संगठनात्मक पद्धति ही लंबे समय तक संगठन को जीवंत रखते हैं। हमारे संगठनात्मक चुनाव के चार चरण पूरे हो चुके हैं। हम अगले चरण के लिए आगे बढ़ रहे हैं। दायित्व परिवर्तन संगठनात्मक व्यवस्था है और इसके अनुरूप ही समय-समय पर प्रत्येक कार्यकर्ता के दायित्वों में परिवर्तन होता है।
राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक दल है जो संगठन की संरचना भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप करता है। यही कारण है कि भाजपा में बूथ का कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और क्षमता के आधार पर किसी भी शीर्ष पद पर पहुंच सकता है। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता जिलाध्यक्षों के रूप में निर्वाचित होंगे और पार्टी के अभियानों, कार्यक्रमों व विचारधारा को गति प्रदान करेंगे।
इसे भी पढ़ें-गोरखपुर में चौड़ी होगी नकहा से हड़हवा फाटक तक सड़क, शासन को भेजा 12 करोड़ का प्रस्ताव
प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित वर्ग तथा महिला कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। शीघ्र बचे हुए जिलों में भी मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता की छवि समाज में राष्ट्रवाद के अग्रदूत के साथ ही संस्कारी तथा सेवाभावी व्यक्ति के रूप में होती है।
संगठनात्मक चुनाव से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए नेतृत्व चयन का कार्य पूर्ण होगा। आम सहमति से योग्य कार्यकर्ताओं को नेतृत्व सौंपने का कार्य हो रहा है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि आम सहमति के आधार पर जिलाध्यक्ष का चुनाव करना है। सभी जिला चुनाव अधिकारी अपने जिलों में चुनाव की तिथि तथा स्थान पूर्व में घोषित करेंगे।
इसे भी पढ़ें-बीटेक पास चोर ने OLX पर बेचे चोरी के 55 मोबाइल फोन, मौज-मस्ती के चक्कर में पहुंचा जेल
उन्होंने आगामी कार्यक्रमों के बारे में कहा कि संविधान गौरव अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे। पार्टी के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिकों के साथ संविधान गौरव अभियान में शामिल होंगे। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी, स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश सह चुनाव पर्यवेक्षक संजय भाटिया व संजीव चौरसिया उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।