पीड़िता बोली- पिटाई के दौरान आरोपितों ने चेहरे पर किया पेशाब, बच्चे से कुकर्म के विरोध पर दंपती के साथ बर्बरता
कल्याणपुर में बच्चे से कुकर्म के विरोध पर आरोपितों ने दंपती से बर्बरता की थी। मामले में पीड़िता के 164 के बयान (मजिस्ट्रेट के सामने) दर्ज हो गए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास किया और चेहरे पर पेशाब भी किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक 164 के बयानों का अवलोकन नहीं किया गया है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कल्याणपुर में बच्चे से कुकर्म के विरोध पर आरोपितों ने दंपती से बर्बरता की थी। मामले में पीड़िता के 164 के बयान (मजिस्ट्रेट के सामने) दर्ज हो गए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास किया और चेहरे पर पेशाब भी किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक 164 के बयानों का अवलोकन नहीं किया गया है। वहीं पीड़िता का कहना है कि आरोपित लगातार उसे मुकदमा वापस लेने के लिए धमका रहे हैं।
मकान मालिक ने की अभद्रता
कल्याणपुर निवासी महिला के बेटे की गेंद 21 अप्रैल की शाम पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में चली गई थी। जब वह उसे लेने गया तो वहां काम कर रहे मजदूर बजरंगी ने बेटे से कुकर्म का प्रयास किया। उसने घर पहुंचकर आपबीती बताई तो बच्चे की मां ने मकान मालिक जगपाल सिंह से शिकायत की। आरोप है कि मकान मालिक ने उनसे ही गालीगलौज कर अभद्रता की।
पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की तो पड़ोसियों का विवाद बताकर टरका दिया। जिसके बाद आरोपितों ने दंपती को जमकर पीटा और छेड़छाड़ की। मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने 25 अप्रैल को बजरंगी, मकान मालिक जगपाल सिंह, विजय कुमार, उनकी पत्नी, आनन्द कुमार के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़ और पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की।
30 अप्रैल को पुलिस ने पीड़िता के 164 के बयान कराए, जिसमें पीड़िता ने आरोपितों पर दुष्कर्म के प्रयास और लूट का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने उसके चेहरे पर पेशाब भी किया था। कल्याणपुर थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि बयानों के अवलोकन के बाद आरोपितों के खिलाफ मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।